मोहर्रम को लेकर बरेली पुलिस सतर्क, SSP का आदेश- अफवाह फैलाने वालों को भेजो जेल

मोहर्रम को लेकर बरेली पुलिस सतर्क, SSP का आदेश- अफवाह फैलाने वालों को भेजो जेल

Bareilly Moharram News: मोहर्रम को लेकर बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने शुक्रवार रात गूगल मीट के माध्यम से जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था की तैयारियों का खाका खींचा। बैठक में मोहर्रम के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए।

रात 8 बजे आयोजित डेली समीक्षा गोष्ठी में जिले के सभी पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शामिल हुए। एसएसपी ने वर्तमान कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संवेदनशील मामलों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी।

मोहर्रम की तैयारियों पर विशेष फोकस

एसएसपी ने सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पीस कमेटी की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। धर्मगुरुओं, ताजियादारों, आयोजकों और गणमान्य नागरिकों के साथ लगातार संवाद बनाए रखने पर जोर दिया गया। साथ ही जुलूस मार्गों, संवेदनशील स्थलों और संभावित विवादित बिंदुओं का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

meeting

सोशल मीडिया पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

बैठक में सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट करने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल और कड़ी कार्रवाई की जाए। सभी थाना प्रभारियों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

press note

ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी

मोहर्रम जुलूसों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों, ड्रोन और अन्य तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने के निर्देश दिए गए। जुलूस मार्गों पर बैरिकेडिंग, बिजली के तारों और अन्य व्यवस्थाओं का समय रहते निरीक्षण करने को कहा गया है।

फ्लैग मार्च से बनेगा सुरक्षा का माहौल

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त और फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए ताकि आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रहे। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने तथा पीआरवी को सक्रिय रखने के भी आदेश दिए गए। बैठक के अंत में एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। जिले में शांति, सुरक्षा और भाईचारे का माहौल बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *