कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:बुर्का पहनकर दोस्त ने कोचिंग संचालक का मर्डर किया, खच्चर पर बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन

कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:बुर्का पहनकर दोस्त ने कोचिंग संचालक का मर्डर किया, खच्चर पर बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन

नमस्कार, कानपुर की कल (शुक्रवार) की बड़ी खबरें… नवाबगंज के आजाद नगर में हुई कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता की हत्या उसके 18 साल पुराने दोस्त ने की थी। पुलिस कमिश्नर ने घटना का खुलासा किया। आरोपी ने क्राइम पेट्रोल के एपिसोड देखकर हत्या की प्लानिंग की और बुर्का पहन कर हुलिया बदलकर घटना को अंजाम दिया। बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कानपुर दक्षिण में जोरदार प्रदर्शन किया। खच्चर पर बैठकर और हाथों में पोस्टर लेकर केन्द्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों पर विरोध जताया। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। सिलसिलेवार पढ़िए 10 खबरें- 1- ड्रग सप्लायर की तलाश में RAID: 150 पुलिस वालों ने बस्ती घेरी, ड्रोन उड़ाकर 75 घरों में 5 घंटे तलाशी; 10 संदिग्ध उठाए कानपुर में ड्रग्स सप्लायर की तलाश में कंजड़नपुरवा में शुक्रवार तड़के पुलिस की रेड पड़ी। कंजड़नपुरवा में सुबह 4 बजे पांच थानों में तैनात 150 पुलिसकर्मी हर एंट्री-एग्जिट प्वाइंट से बस्ती में घुसे तो इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने ड्रोन उड़ाकर बस्ती के एक-एक घर की निगरानी की। करीब 75 संदिग्ध घरों में तलाशी अभियान चलाया। छापेमारी की भनक लगते ही, कई सप्लायर्स घरों में ताला बंद कर फरार हो गए। तकरीबन 5 घंटे चली छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो घरों से 10 किलो मादक पदार्थ बरामद कर 10 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पढ़ें पूरी खबर… 2- खच्चर पर बैठकर कांग्रेस का प्रदर्शन: बोले- पहले भाजपा को महंगाई डायन लगती थी, अब डार्लिंग लग रही बढ़ती महंगाई के विरोध में शुक्रवार को कानपुर दक्षिण में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। खच्चर पर बैठकर और हाथों में पोस्टर लेकर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार पर निशाना साधा। शहर के शास्त्री चौक पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। ढोलक-मंजीरे के साथ प्रदर्शनकारियों ने महंगाई के खिलाफ नारे लगाए। पढ़ें पूरी खबर… 3- बुर्का पहनकर टीचर दोस्त को मार डाला:10 लाख का गोल्ड ब्रेसलेट और चेन लूटी; 18 साल से दोस्ती थी कानपुर में कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी मोहित द्विवेदी उनका 18 साल पुराना दोस्त है। हत्या किसी रंजिश के कारण नहीं, बल्कि करीब 10 लाख रुपए के सोने के ब्रेसलेट और चेन लूटने के लिए की गई थी। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- आरोपी मोहित द्विवेदी ने करीब 15 दिन पहले ही वारदात की योजना बना ली थी। उसने यूट्यूब पर सर्च किया कि पहचान छिपाकर दोस्त की हत्या कैसे करें। उसने क्राइम पेट्रोल के कई एपिसोड भी देखे, जिससे पुलिस जांच से बच सके। पहचान छिपाने के लिए आरोपी मोहित ने बुर्का, लेडीज चप्पल, पर्स, दुपट्‌टा, ग्लव्स पहने। पढ़ें पूरी खबर… 4- तेज धूप और उमस से लोग बेहाल: 39.3 डिग्री पहुंचा दिन का पारा, दोपहर में लू जैसे हालात कानपुर में जून के पहले सप्ताह में ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। शुक्रवार को शहर का अधिकतम तापमान 39.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि तापमान सामान्य से क्रमशः 1.7 और 0.2 डिग्री कम रहा, लेकिन तेज धूप और उमस के कारण दिनभर गर्मी का असर बरकरार रहा। दोपहर के समय सड़कों पर निकलना मुश्किल हो गया और लोग धूप से बचने के लिए चेहरे ढककर घरों से बाहर निकले। पढ़ें पूरी खबर… 5- मां के अपमान का बदला लेने को की थी हत्या: कालीशंकर हत्याकांड का खुलासा, फावड़े से गर्दन पर किया था वार कानपुर के थाना महाराजपुर क्षेत्र के किशनपुर गांव में हुए चर्चित कालीशंकर हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या किसी पुरानी रंजिश या लूटपाट के लिए नहीं, बल्कि आरोपी के अनुसार उसकी मां के अपमान का बदला लेने के लिए की गई थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी शुभम को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त फावड़ा बरामद कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि बुधवार रात किशनपुर गांव स्थित शिव मंदिर के बाहर कालीशंकर गंभीर रूप से घायल अवस्था में खून से लथपथ पड़े मिले थे। पढ़ें पूरी खबर… 6- गैंगस्टर के हत्यारोपी का एनकाउंटर: पैर में गोली लगी, हत्यारोपी बोला- चोरी का हिस्सा मार ले गया था खूंटी कानपुर में गैंगस्टर मो. जाहिद उर्फ खूंटी की हत्या करने वाले से रेलबाजार पुलिस की मुठभेड़ हो गई। पुलिस ने हत्यारोपी राजू करिया के पैर में गोली मारकर दबोच लिया। पूछताछ में शातिर ने बताया कि गैंगस्टर जाहिद उर्फ खूंटी उसका अच्छा दोस्त था, दोनों साथ में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। सिक्योरिटी गार्ड ने राजू को दबोचा तो खूंटी भाग निकला था। इसके साथ ही चोरी के माल का बंटवारे के दौरान हिस्सा भी मार दिया था। इससे झल्लाकर उसने अपने दोस्त खूंटी की धारदार हथियार से मर्डर किया और भाग निकला था। पुलिस ने हत्यारोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर… 7- मां को भेजी आखिरी रिकॉर्डिंग से फंसा हत्यारोपी: युवती को वॉट्सऐप कॉल कर बोला- तुम तैयारी कर लो, 15 मिनट में पहुंच रहे कानपुर में बर्रा से लापता युवती का गला दबाकर हत्या करने के मामले में पुलिस के हाथ एक अहम सबूत लगा है। हत्या के दिन यानी 21 मई को हॉस्पिटल संचालक देवकांत उत्तम के भतीजे विवेक ने युवती को वॉट्सऐप कॉल कर बुलाया था। दोनों के बीच 3 मिनट 12 सेकेंड तक बात हुई थी। बातचीत के दौरान विवेक ने 15 मिनट में पहुंचने की बात कहते हुए युवती को बरगला कर बर्रा बाइपास बुलाया था। इसके बाद आरोपी उसे स्कॉर्पियो में बिठाकर ले गए थे। पढ़ें पूरी खबर… 8- छेड़खानी की FIR दर्ज कराने के बाद सामने आईं आस्था: बोलीं- मुझे उड़ा देने और काट डालने की धमकी मिल रही, मैं डरने वाली नहीं कानपुर में ‘मैं ठाकुर हूं…’ कहकर चर्चा में आने वाली अस्था सिंह शुक्रवार को एक बार फिर से मीडिया के सामने आईं। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर छेड़खानी का वीडियो पोस्ट करने और छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराने के बाद उन्हें लगातार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर डायरेक्ट मैसेज भेजकर उड़ा देने और काट डालने की धमकी मिल रही है। उन्होंने कहा कि मुझे जो करना था कर लिया मैं किसी से डरने वाली नहीं हूं। अब जिसे भी जो करना है, कर ले, मैं किसी से डरने वाली नहीं। पढ़ें पूरी खबर… 9- बीड़ी चोरी करने पर दोस्त की हत्या: CCTV फुटेज से पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट किया, सिर पर पत्थर मारकर किया था मर्डर कानपुर मूलगंज थाने की पुलिस ने मूलगंज लेबरमंडी में मजदूर की नृशंस हत्याकांड का शुक्रवार को खुलासा कर दिया। युवक की साथी मजदूर ने ही जेब से बीड़ी और रुपए चोरी करने पर सिर पर ईंट मारकर हत्या की थी, हत्याकांड के बाद पुलिस की जांच में सीसीटीवी सामने आया तो पुलिस ने हत्यारोपी को अरेस्ट कर लिया। पूछताछ के दौरान हत्यारोपी अशर्फीलाल उर्फ बड़बड़िया उर्फ राजू ने मर्डर करने की बात कुबूल की है। पूछताछ के बाद पुलिस ने हत्यारोपी को जेल भेज दिया। पढ़ें पूरी खबर… 10- यूपी के एक्सपोर्ट में ‘कानपुर नगर’ का जलवा: पहली बार 2 लाख करोड़ के पार पहुंचा उत्तर प्रदेश का निर्यात, देश में मिला 5वां स्थान उत्तर प्रदेश ने निर्यात के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए वित्त वर्ष 2025-26 में पहली बार 2 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। राज्य का कुल निर्यात 2,01,241 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जिसके साथ यूपी देश का पांचवां सबसे बड़ा निर्यातक राज्य बन गया है। इस उपलब्धि में कानपुर नगर ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। चमड़ा उत्पाद, इंजीनियरिंग सामान और टेक्सटाइल के दम पर कानपुर ने 10,823 करोड़ रुपए का निर्यात कर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया। फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशन (FIEO) के अनुसार इलेक्ट्रिकल मशीनरी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मांस उत्पाद, टेक्सटाइल और फुटवियर की विदेशों में सबसे अधिक मांग रही। पढ़ें पूरी खबर…

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *