सागर| शाहपुर क्षेत्र के खड़ेरा भान गांव में 7 जून को दोपहर 12 बजे से लोधी क्षत्रिय महासभा के तत्वाधान में लोधी समाज का सम्मेलन होगा। कार्यक्रम लाल बाबा के सानिध्य में आयोजित किया जाएगा। इसमें समाज से जुड़े आर्थिक, सामाजिक, शैक्षिक मुद्दों और नशामुक्ति पर चर्चा होगी। सम्मेलन में मुख्य अतिथि मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मेंद्र सिंह लोधी करेंगे। आयोजकों के अनुसार राहुल लोधी और रामसिया भारती के शामिल होने की भी जानकारी है। आयोजक पक्ष ने बताया कि पिछले छह महीनों से समाज की बैठकें हर माह के पहले रविवार को दोपहर 12 बजे नियमित रूप से हो रही हैं। इसी क्रम में पिछली बैठक में लाल बाबा ने अपनी जन्मस्थली खड़ेरा भान में अगला कार्यक्रम आयोजित करने का प्रस्ताव रखा था। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशामुक्ति, अच्छे संस्कार, शिक्षा और पर्यावरण से जुड़े विषयों पर संकल्प दिलाना है। तहसील अध्यक्ष जगमोहन सिंह ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए लोगों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की है।


