‘हम उनसे बात करेंगे और मनाएंगे’, रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे पर बोले CM शिवकुमार

‘हम उनसे बात करेंगे और मनाएंगे’, रामलिंगा रेड्डी के इस्तीफे पर बोले CM शिवकुमार

DK Shivakumar on Ramalinga Reddy: कर्नाटक में नई सरकार के गठन के बाद कांग्रेस पार्टी में असंतोष की खबर सामने आई। पार्टी के वरिष्ठ नेता और नवनियुक्त कैबिनेट मंत्री रामलिंगा रेड्डी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इस पर अब मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामलिंगा रेड्डी से बात करेंगे, जिन्होंने मंत्री पद की शपथ लेने के महज दो दिन बाद राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है।

‘हम उनसे बात करेंगे और उन्हें मना लेंगे’

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वह आठ बार के विधायक रेड्डी से चर्चा के लिए मुलाकात करेंगे। उन्होंने कहा कि बिल्कुल, मैंने उनसे वादा किया था। हम उनसे बात करेंगे और उन्हें मना लेंगे। वह पार्टी के बहुत वरिष्ठ नेता हैं।

आठ बार के विधायक हैं रामलिंगा

आपको बता दें कि इससे पहले दिन में शिवकुमार ने जोर देकर कहा था कि चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि रामलिंगा रेड्डी राज्य मंत्रिमंडल में सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी इस समस्या का समाधान करेगी क्योंकि आठ बार के विधायक रामलिंगा रेड्डी उनके घनिष्ठ मित्र हैं।

शपथ ग्रहण के दो दिन बाद दे दिया इस्तीफा

कर्नाटक सरकार में मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण करने के केवल दो दिन बाद ही रेड्डी ने मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। साथ ही यह भी कहा कि वह कांग्रेस पार्टी में बने रहेंगे। राज्यपाल थावरचंद गहलोत द्वारा अधिसूचित पोर्टफोलियो आवंटन के अनुसार, वरिष्ठ विधायक रेड्डी को प्रमुख और मध्यम सिंचाई पोर्टफोलियो दिया गया है।

खबरों के मुताबिक, रेड्डी बेंगलुरु के विकास मंत्रालय का प्रभार पाने की इच्छा रखते थे। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए, रेड्डी ने स्पष्ट किया कि उनका निर्णय केवल उनकी मंत्री पद की भूमिका तक सीमित था, न कि उनकी पार्टी की सदस्यता तक, और उन्होंने जोर देकर कहा कि उन्होंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है।

रेड्डी ने मीडिया को अपना त्यागपत्र दिखाते हुए कहा था कि मैं अब भी कांग्रेस पार्टी में हूं, मैंने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है। मैं पिछले 53 वर्षों से कांग्रेस पार्टी में हूं। मैंने पार्टी के भीतर कई जिम्मेदारियां संभाली हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *