थाने में महिला को कहा ‘भिखमंगिन’, वीडियो वायरल होते ही यूपी पुलिस पर बरसी कांग्रेस

थाने में महिला को कहा ‘भिखमंगिन’, वीडियो वायरल होते ही यूपी पुलिस पर बरसी कांग्रेस

Kushinagar Police controversy : कुशीनगर जिले में एक महिला के साथ थाने के भीतर अभद्र व्यवहार का मामला अब राजनीतिक रंग पकड़ता जा रहा है। कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर योगी सरकार और यूपी पुलिस पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश में ‘मित्र पुलिस’ के दावे पूरी तरह खोखले साबित हो रहे हैं और महिलाओं की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।

कांग्रेस ने अपने पोस्ट में लिखा कि ‘गाली-गलौज’ और ‘भिखमंगिन’ जैसे बोल, कुशीनगर पुलिस की संवेदनहीनता की पोल खोल रहे हैं।” पार्टी ने दावा किया कि मारपीट और गाली-गलौज की शिकार महिला जब न्याय की उम्मीद लेकर थाने पहुंची, तब उसे सम्मान देने के बजाय अपमानित किया गया। पोस्ट में कहा गया कि पीड़िता को सरेआम “भिखमंगिन” कहना पुलिस की कार्यशैली और मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ा विवाद

बताया जा रहा है कि पीड़ित महिला ने खुद घटना का वीडियो बनाया, जिसके बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। कांग्रेस ने कहा कि अगर डिजिटल दौर में महिला ने सबूत नहीं जुटाए होते, तो शायद यह मामला कभी सामने ही नहीं आता। वीडियो वायरल होने के बाद विपक्ष सरकार पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में यह भी सवाल उठाया कि “नारी सम्मान” की बात करने वाली सरकार आखिर पांच दिनों से न्याय के लिए भटक रही महिला की आवाज क्यों नहीं सुन पा रही है। पार्टी ने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की है।

विपक्ष ने सरकार से मांगा जवाब

मामले को लेकर विपक्षी दलों ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान को लेकर लगातार दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत अलग दिखाई दे रही है। सोशल मीडिया पर भी लोग इस घटना को लेकर नाराजगी जता रहे हैं और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।

पुलिस ने जारी किया बयान

वही पुलिस ने सोशल मीडिया पर बयान जारी करते हुए बताया है कि प्रकरण कई माह पूर्व का है, तत्समय आवेदिका द्वारा दिये गये तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विवेचनात्मक कार्यवाही करते हुए आरोप पत्र मा0 न्यायालय प्रेषित किया जा चुका है। वर्तमान समय में मौके पर शान्ति व्यवस्था कायम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *