NCP से टिकट मिलने के बाद चर्चा में आए विक्रम काकड़े, चुनावी हलफनामे में जय पवार को 10 करोड़ रुपए देने का खुलासा

NCP से टिकट मिलने के बाद चर्चा में आए विक्रम काकड़े, चुनावी हलफनामे में जय पवार को 10 करोड़ रुपए देने का खुलासा

Vikram Kakade Affidavit: पुणे विधान परिषद चुनाव से पहले एनसीपी उम्मीदवार विक्रम काकड़े का चुनावी हलफनामा काफी चर्चा में आ गया है। विक्रम काकड़े एक कारोबारी हैं और पूर्व राज्यसभा सांसद संजय काकड़े के बेटे हैं। हलफनामे में यह जानकारी सामने आई है कि जय अजित पवार के नाम 10 करोड़ रुपये दर्ज हैं। यह रकम लोन और एडवांस वाली श्रेणी में दिखाई गई है, जिसके बाद पार्टी के अंदर और राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। खास बात यह है कि विक्रम काकड़े और उनके पिता ने कुछ ही दिन पहले एनसीपी जॉइन की थी और उसके तुरंत बाद उन्हें पार्टी ने विधान परिषद चुनाव का उम्मीदवार बना दिया। इसी वजह से यह मामला और ज्यादा सुर्खियों में आ गया है।

टिकट को लेकर पार्टी में भी शुरू हुई चर्चा

विक्रम काकड़े के उम्मीदवार बनने के बाद पार्टी के अंदर भी कई तरह की बातें होने लगी हैं। कुछ पुराने कार्यकर्ताओं का कहना है कि उन्होंने सालों तक पार्टी के लिए मेहनत की, लेकिन टिकट किसी ऐसे व्यक्ति को मिल गया जो हाल ही में पार्टी में शामिल हुआ है। इसी वजह से कई कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिल रही है। हालांकि पार्टी के बड़े नेता इस मुद्दे पर खुलकर कुछ नहीं बोल रहे हैं।

विक्रम काकड़े ने दी लेन-देन की सफाई

जय पवार के नाम 10 करोड़ रुपये दर्ज होने को लेकर उठ रहे सवालों पर विक्रम काकड़े ने अपनी बात रखी है। उन्होंने कहा कि यह रकम किसी को दिया गया लोन नहीं है। काकड़े के अनुसार पिछले साल उन्होंने जय पवार के नाम पर मौजूद एक प्लॉट खरीदने की इच्छा जताई थी, जो उनकी जमीन के पास था। इसी जमीन के सौदे को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने 10 करोड़ रुपये एडवांस के तौर पर दिए थे। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी हलफनामे में लोन और एडवांस के लिए अलग-अलग कॉलम नहीं होता, इसलिए यह राशि उसी श्रेणी में दर्ज दिखाई दे रही है।

153 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति के मालिक हैं विक्रम काकड़े

चुनावी हलफनामे में दी गई जानकारी के अनुसार विक्रम काकड़े और उनके परिवार के पास 153 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति है। उनके नाम पर जमीन-जायदाद के साथ-साथ बड़ी मात्रा में निवेश भी है। शेयर, बॉन्ड और म्यूचुअल फंड में उन्होंने करोड़ों रुपये लगा रखे हैं। इसके अलावा उनके पास कई महंगी लग्जरी गाड़ियां और कीमती गहने भी हैं। हलफनामे के अनुसार उनकी चल संपत्तियों की कीमत करीब 79 करोड़ रुपये है।

महाराष्ट्र से लेकर दुबई तक है करोड़ों की संपत्ति

हलफनामे के अनुसार विक्रम काकड़े के पास महाराष्ट्र के अलग-अलग इलाकों में करोड़ों रुपये की जमीन और संपत्तियां हैं। मावल और मुंधवा में भी उनके महंगे-महंगे प्लॉट हैं। इसके अलावा पाषाण इलाके में उनका एक शानदार घर भी है। इतना ही नहीं, दुबई में भी उनके नाम पर करोड़ों रुपए का एक अपार्टमेंट दर्ज है। वहीं उनकी पत्नी देविका के पास भी कई करोड़ रुपये की अचल संपत्तियां मौजूद हैं।

कई जानकारियां आईं सामने

चुनावी हलफनामे में यह भी बताया गया है कि विक्रम काकड़े पर करीब 99 लाख रुपये का आयकर बकाया है। वह 12वीं तक पढ़े हुए हैं और उन्होंने 12वीं पास साल 2011 में की थी। इसके अलावा दस्तावेजों में यह जानकारी भी दी गई है कि उनके पास वैध आर्म्स लाइसेंस भी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *