सीतापुर में उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा आयोजित आरक्षी नागरिक पुलिस पदों की सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें परीक्षा व्यवस्था से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में परीक्षा के लिए कुल आठ परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 8, 9 एवं 10 जून 2026 को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित होगी। प्रथम पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पाली अपराह्न 3 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित की जाएगी। उन्होंने सभी केंद्र व्यवस्थापकों को समय से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण करने और शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल, मजिस्ट्रेट, सीसीटीवी निगरानी, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पेयजल, शौचालय और प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित फोटो कॉपी, साइबर कैफे, स्कैनिंग एवं प्रिंटिंग प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा अवधि में निर्धारित परिधि के भीतर कोई भी फोटो कॉपी की दुकान संचालित नहीं होगी। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए धर्मशालाओं, छात्रावासों एवं सामुदायिक भवनों में ठहरने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को एंबुलेंस एवं चिकित्सा दल तैयार रखने तथा विद्युत, लोक निर्माण एवं नगर निकाय विभागों को आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया। बैठक में अपर जिलाधिकारी आयुष चौधरी समेत संबंधित अधिकारी एवं केंद्र व्यवस्थापक उपस्थित रहे।


