जबलपुर सीबीआई की टीम ने गुरुवार देर रात सागर में बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे में पदस्थ एक सेक्शन इंजीनियर को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी की पहचान नारायण सिंह बुंदेला के रूप में हुई है। कार्रवाई के बाद सीबीआई टीम उसे अपने साथ जबलपुर लेकर रवाना हो गई। जल्द ही आरोपी को सीबीआई कोर्ट में पेश किया जाएगा। जानकारी के अनुसार सागर रेलखंड में गिट्टी सप्लाई करने वाले एक ठेकेदार ने काम पूरा होने के बाद विभाग में जमा अपनी सिक्योरिटी राशि वापस मांगी थी। आरोप है कि राशि लौटाने के एवज में सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला ने ठेकेदार से एक लाख रुपए रिश्वत की मांग की। ठेकेदार द्वारा रिश्वत देने से इंकार करने पर अधिकारी ने सिक्योरिटी राशि लौटाने से मना कर दिया। ठेकेदार को पैराडाइज होटल में पैसे लेकर बुलाया था इसके बाद ठेकेदार ने मामले की शिकायत जबलपुर सीबीआई एसपी कार्यालय में की। शिकायत की प्रारंभिक जांच और पुष्टि के बाद सीबीआई टीम ने आरोपी अधिकारी पर निगरानी शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि सेक्शन इंजीनियर ने रिश्वत की रकम लेने के लिए ठेकेदार को गुरुवार रात सागर स्थित पैराडाइज होटल बुलाया था। सादी वर्दी में तैनात थी सीबीआई की टीम सीबीआई की टीम पहले से ही सादी वर्दी में होटल के आसपास तैनात थी। देर रात जैसे ही ठेकेदार ने आरोपी अधिकारी को एक लाख रुपए सौंपे, सीबीआई टीम ने तत्काल उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सीबीआई अधिकारी आरोपी को पूछताछ के लिए अज्ञात स्थान पर लेकर गए। प्रारंभिक पूछताछ पूरी होने के बाद अब उसे जबलपुर लाया जा रहा है।


