लखनऊ के मड़ियांव थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवती ने ओवरब्रिज से छलांग लगाकर जान दे दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मृतका की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। घटना रात करीब 11 बजे मड़ियांव थाना के सामने बने ओवरब्रिज की है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 22 वर्षीय युवती चंद्रा ढाल की ओर से पैदल पुल पर चढ़ी और अचानक नीचे कूद गई। युवती के गिरते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। राहगीरों की सूचना पर मड़ियांव पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घायल युवती को इलाज के लिए जानकीपुरम ट्रॉमा सेंटर भेजा। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मड़ियांव थाना प्रभारी शिवानंद ने बताया कि रात करीब 11:10 बजे स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि एक अज्ञात युवती ने ओवरब्रिज से छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल भेजा गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस के अनुसार मृतका के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे उसकी पहचान हो सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की कोई समस्या नहीं हुई।


