हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र में बुधवार रात हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। वहीं, सिराली थाने में पदस्थ एक सब-इंस्पेक्टर (एसआई) सहित पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। पहली बड़ी घटना में मजदूरों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जबकि दूसरे हादसे में जर्जर सड़क के कारण एसआई की बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामलों की जांच कर रही है। सबसे बड़ा हादसा मकड़ाई के पास ग्राम दुगालियां में हुआ। यहां एक मकान की छत डालने के बाद मजदूर ट्रैक्टर-ट्रॉली में मिक्सर मशीन रखकर लौट रहे थे। इसी दौरान उतार पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में नहारजंगल निवासी मजदूर संगीताबाई कोरकू की मिक्सर मशीन के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतका की तीन छोटी बच्चियां हैं। पांच मजदूर घायल, जिला अस्पताल किए गए रेफर
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने की इस दुर्घटना में पांच अन्य मजदूर भी घायल हुए हैं। घटना के फौरन बाद सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिराली अस्पताल ले जाया गया। यहां से स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हरदा जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए खिरकिया भेज दिया है। सड़क की दरार में फंसी बाइक, एसआई के चेहरे पर आई चोट
दूसरी घटना सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम लोलांगरा के पास हुई। सिराली थाने में पदस्थ एसआई खुशहाल बघेल खिरकिया से सिराली लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क के बीच बनी बड़ी दरार में उनकी मोटरसाइकिल का पहिया फंस गया। बाइक अनियंत्रित होकर गिरने से एसआई बघेल के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। निजी अस्पताल में चल रहा इलाज, बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान
हादसे के बाद ग्रामीणों की मदद से घायल एसआई को अस्पताल भेजा गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया था। हालांकि, परिजनों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज जारी है। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि सिराली-चारूवा मार्ग लंबे समय से जर्जर स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह बड़ी दरारें हैं, जो लगातार हादसों का कारण बन रही हैं।


