Chhindwara Police woman Case: मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में बुधवार को एक महिला पुलिसकर्मी का शव घर में जली हुई अवस्था में मिलने से हड़कंप मच गया। घर से आग की लपटें उठते देख पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ा तो अंदर महिला पुलिसकर्मी का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल का एफएसएल टीम ने भी निरीक्षण किया है।
सूने घर में जली अवस्था में मिला शव
छिंदवाड़ा में पुलिस लाइन में पदस्थ महिला प्रधान आरक्षक दीपा नेगी का शव जली हालत में देहात थाना क्षेत्र स्थित प्रियदर्शनी कॉलोनी में उनके सूने मकान में मिला है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि दीपा नेगी ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या की है। घर से आग की लपटें उठते देख पड़ोसियों ने दीपा नेगी की बेटी व मां को सूचना दी थी जो कि घटना के वक्त दूसरे घर में मौजूद थीं। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस मौके पर पहुंची।
पति की मौत के बाद मिली थी अनुकंपा नियुक्ति
शुरुआती जांच में सामने आया है कि दीपा नेगी को पति के निधन के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। दीपा नेगी लंबे समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका नागपुर में इलाज भी चल रहा था। बुधवार की सुबह वो गाड़ी में पेट्रोल डलवाने का कहकर घर से निकली थीं और अंदेशा है कि इसके बाद वो अपने सूने मकान पर पहुंची और खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली।
10वीं क्लास में पढ़ती है बेटी
मृतका दीपा नेगी के परिवार में उनकी मां व एक 16 साल की बेटी है जो कि दसवीं क्लास में पढ़ती है। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है, एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्य जमा किए हैं। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।


