बलिया में बच्चे के जन्म पर नेग को लेकर विवाद:किन्नरों ने थाने पर किया हंगामा, पुलिस ने दर्ज किया FIR

बलिया में बच्चे के जन्म पर नेग को लेकर विवाद:किन्नरों ने थाने पर किया हंगामा, पुलिस ने दर्ज किया FIR

बलिया के रेवती थाना क्षेत्र के दतहां गांव में नवजात शिशु के जन्म पर बधाई (नेग) मांगने पहुंचीं किन्नरों और परिवार के बीच रकम को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि कहासुनी के दौरान मारपीट और धक्का-मुक्की भी हुई। घटना से नाराज किन्नरों ने बुधवार शाम रेवती थाने पहुंचकर हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, दतहां गांव निवासी संजीत साहनी के घर करीब तीन माह पहले पुत्र का जन्म हुआ था। इसी अवसर पर सहतवार क्षेत्र की किन्नर सुनीता, काजल, प्रिया और अनु नेग लेने उनके घर पहुंची थीं। पहली बार बातचीत के बाद वे बिना नेग लिए लौट गई थीं। बताया जाता है कि दोबारा घर पहुंचने पर बधाई की रकम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। माहौल तनावपूर्ण होने पर मामला और गर्मा गया।
किन्नर सुनीता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि विवाद के दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें उनके कान के टप्स और सोने की चेन गायब हो गई। घटना के विरोध में किन्नर समुदाय की सदस्याएं थाने पहुंचीं और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर रेवती क्षेत्र की किन्नर टीम की मुखिया मीरा किन्नर भी थाने पहुंचीं। इस दौरान रेवती और सहतवार क्षेत्र की किन्नर टीमों के बीच क्षेत्राधिकार और बधाई क्षेत्र को लेकर भी तीखी नोकझोंक हुई। थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *