बच्चे को 1km तक कंधे रखकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया:छिंदवाड़ा में सड़क न होने से वाहन नहीं पहुंचा; आम तोड़ते समय 20 फीट ऊपर से गिरा

बच्चे को 1km तक कंधे रखकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया:छिंदवाड़ा में सड़क न होने से वाहन नहीं पहुंचा; आम तोड़ते समय 20 फीट ऊपर से गिरा

छिंदवाड़ा जिले के जुन्नारदेव विधानसभा के दमुआ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बखारी में लापरवाह सिस्टम की एक दर्दनाक तस्वीर सामने आई है। यहां आम तोड़ने पेड़ पर चढ़ा 15 वर्षीय किशोर अचानक करीब 20 से 30 फीट ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में किशोर के सिर और पैर में गंभीर चोट आई, वहीं पैर टूटने की भी जानकारी सामने आई है। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पायलट अंसार खान और अनीता कावल मौके पर पहुंचे, लेकिन गांव तक सड़क नहीं होने के कारण एंबुलेंस घटनास्थल तक नहीं पहुंच सकी। मजबूरी में परिजनों और ग्रामीणों ने घायल किशोर किशन को करीब एक किलोमीटर तक टांगकर मुख्य मार्ग तक पहुंचाया, जहां से उसे एंबुलेंस की मदद से अस्पताल ले जाया गया। दमुआ अस्पताल में डॉक्टर अवनी गुप्ता ने घायल किशोर का प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे देर शाम जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना ने एक बार फिर ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क और मूलभूत सुविधाओं की बदहाली उजागर कर दी है। भीषण गर्मी में ही ग्रामीणों को ऐसी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, तो आने वाले बारिश के मौसम में हालात कितने खराब होंगे, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि गांव तक उचित सड़क निर्माण हो जाए तो स्वास्थ्य, शिक्षा और आपातकालीन सेवाओं सहित कई सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *