अंबिकापुर। सीतापुर के राजापुर उप तहसील में पदस्थ नायब तहसीलदार तुषार मानिक (MLA Vs Naib Tehsildar) से मारपीट के आरोप में विधायक और उनके 10 समर्थकों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया था। इस मामले में विधायक के 2 समर्थकों ने बुधवार को सीतापुर थाने में सरेंडर कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। अब विधायक की मांग है कि एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार को सीतापुर से हटाया जाए। इधर कलेक्टर ने राजस्व कार्यालयों में हितग्राहियों के प्रभावित हो रहे काम को देखते हुए तहसीलदारों और नायब तहसीलदारों से काम पर लौटने कहा है। काम पर नहीं लौटने की स्थिति में कार्रवाई की बात कही है।
बता दें कि नायब तहसीलदार से मारपीट के आरोप में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो (Sitapur MLA Ramkumar Toppo) के अलावा उनके पंकज गुप्ता और नाजिम रजा समेत 10 समर्थकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया था। इस मामले में विधायक और उनके समर्थकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सरगुजा समेत प्रदेशभर के तहसीलदार और नायब तहसीलदार पिछले 3 दिनों से हड़ताल पर हैं।

वहीं विधायक के समर्थन में भाजपा मंडल अध्यक्ष, सर्व आदिवासी समाज, छात्र संगठन तथा उनकी बहन के समर्थन में मितानिन संघ आ गया है। इन सबने नायब तहसीलदार (Naib Tehsildar Tushar Manik) की गिरफ्तारी और सस्पेंड करने तथा विधायक पर दर्ज एफआईआर वापस करने की मांग की है। मांगें नहीं माने जाने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी गई है।
MLA Vs Naib Tehsildar: 2 समर्थकों ने किया सरेंडर
पिछले 7 दिन से चले आ रहे विवाद के बीच बुधवार को विधायक के 2 समर्थक (MLA supporters surrendered) ग्राम कोटछाल निवासी पंकज गुप्ता पिता राकेश गुप्ता 30 वर्ष और ग्राम पेट निवासी नाजिम रजा पिता शेख अहमद 34 वर्ष ने सीतापुर थाने में बुधवार को सरेंडर कर दिया। इन दोनों का नाम भी विधायक के साथ एफआईआर में दर्ज है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है। बताया जा रहा है कि दोनों ने विधायक के कहने पर सरेंडर किया।
एसडीएम और नायब तहसीलदार को लेकर ये चर्चा
2 समर्थकों के सरेंडर करने के पश्चात सूत्रों के हवाले से यह खबर है कि विधायक (Sitapur MLA) की ओर से सीतापुर से एसडीएम और नायब तहसीलदार को हटाने की मांग की गई है। इस संबंध में विधायक की वरिष्ठ भाजपा नेताओं के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा होने की बात कही जा रही है। एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मानिक को सीतापुर से हटाया जाएगा या नहीं, इस पर संशय बना हुआ है।


