हमीरपुर में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक विवाहिता की कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने और शव गायब करने का प्रयास करने का मामला सामने आया है। मृतका की मां ने पति, सास, ननद और देवर के खिलाफ पुलिस में तहरीर दी है और कार्रवाई की मांग की है। यह घटना सुमेरपुर थाना क्षेत्र के चंद्रपुरवा गांव की है। बिवांर थाना क्षेत्र के निवाद गांव की रहने वाली छाया देवी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उन्होंने अपनी बेटी दीपिका की शादी चार साल पहले चंद्रपुरवा निवासी जनार्दन पुत्र स्व. मुन्नू सिंह से की थी। शादी के बाद से ही दीपिका के पति, सास, ननद और देवर उससे अतिरिक्त दहेज में दो लाख रुपये नकद और एक बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर दीपिका के साथ लगातार मारपीट और अपमान किया जाता था। छाया देवी ने कई बार बेटी के ससुराल जाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल वाले अपनी मांगों पर अड़े रहे। छाया देवी का आरोप है कि 1 जून 2026 को ससुराल वालों ने दहेज की मांग पूरी न होने पर दीपिका को जहरीला पदार्थ खिलाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने शव को गायब करने का भी प्रयास किया। पीड़िता की मां ने चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी थानाध्यक्ष दुर्गेश राय ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


