बस्तीl वाल्टरगंज थाना क्षेत्र में नौ दिन पहले हुई सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की मंगलवार देर रात मौत हो गई। युवक ने इलाज के लिए गोरखपुर से लखनऊ ले जाते समय सरैया पड़ाव के पास दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर वाल्टरगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। जानकारी के अनुसार, वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के सरैया गांव के उत्तर पुरवा निवासी 35 वर्षीय रामललित पुत्र स्वर्गीय रामजवाहर 25 मई की शाम अपने बड़े भाई अशोक कुमार के साथ बाइक से घरेलू सामान लेकर घर लौट रहे थे। बस्ती-बांसी मार्ग पर सरैया गांव के पास सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद दूसरी बाइक का सवार मौके से फरार हो गया। दुर्घटना में बाइक के पीछे बैठे रामललित के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर में स्थिति में सुधार न होने पर परिजन उन्हें एक निजी अस्पताल ले गए, जिसने बाद में उन्हें मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर कर दिया। मंगलवार देर रात परिजन निजी वाहन से उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे, तभी सरैया पड़ाव के पास उनकी मौत हो गई। रामललित की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले रामललित अपने पीछे पत्नी उमा देवी और चार बच्चों—रोशनी (16), रोहित (12), कुमकुम (9) और सृष्टि (5)—को छोड़ गए हैं। घर पर मातम का माहौल है और पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस घटना से मर्माहत हैं। ग्रामीणों ने बताया कि रामललित मिलनसार और मददगार स्वभाव के व्यक्ति थे, जिनकी असमय मौत से क्षेत्र में शोक है।


