दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र के बरखेड़ाजय सिंह गांव में एक युवक पर खौलता पानी डालकर उसे जिंदा जलाने का प्रयास किया गया है। बुधवार दोपहर परिजन घायल युवक को गंभीर हालत में एंबुलेंस से एसपी कार्यालय लेकर पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह ने पीड़ित से बात करने के बाद उसे कोतवाली भेजकर जीरो पर मामला दर्ज करने और जांच के निर्देश दिए। घायल युवक की पहचान 40 वर्षीय हरि सिंह के रूप में हुई है। पीड़ित के भाई आशीष सिंह ने बताया कि यह घटना 28 मई की शाम को हुई थी। गांव के ही माधव सिंह ने उनके भाई के घर में घुसकर उन पर खौलता पानी डाला, जिससे वे गंभीर रूप से झुलस गए। हरि सिंह के चिल्लाने की आवाज सुनकर घर के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे और उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। आशीष सिंह के अनुसार, माधव सिंह और हरि सिंह के बीच पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद के कारण माधव सिंह ने हरि सिंह पर हमला किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजनों ने शुरुआत में पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं कराई थी। हरि सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पहले जिला अस्पताल रेफर किया गया, और फिर वहां से जबलपुर रेफर कर दिया गया। जब हरि सिंह की हालत में सुधार नहीं हुआ और आरोपी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई, तब परिजन बुधवार को उन्हें लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। एडिशनल एसपी सुजीत सिंह भदोरिया ने बताया कि बरखेड़ा जयसिंह गांव निवासी हरि सिंह को जलने की हालत में परिजन एसपी कार्यालय लाए थे। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इस घटना को गांव के ही माधव सिंह ने अंजाम दिया है। एडिशनल एसपी ने पीड़ित और उसके परिजनों से बात की है और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। घायल को कोतवाली भेजकर जीरो पर मामला दर्ज कर जांच के निर्देश दिए गए हैं।


