कोटा के सांगोद थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाश बुजुर्ग महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र छीन कर फरार हो गए। घटना तालछीपुलिया के पास रसिकपुरिया रोड़ की सुबह साढ़े 8 बजे की है। बुजुर्ग महिला के चिल्लाने पर गांव के लोग मदद को दौड़े। तब तक बाइक सवार बदमाश फरार हो चुके थे। बुजुर्ग महिला रतन बाई (65) तगारी लेकर मिट्टी लेने जा रही थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों बदमाशों की तस्वीर कैद हुई है। रतन बाई ने बताया कि वो घर सुबह मिट्टी लेने रोड़ क्रॉस करके सामने वाले इलाके में गईं। सिर पर तगारी रखी हुई थी। घर से करीब 150 फीट दूरी पर दो बाइक सवार युवकों ने रूकवाया। बाइक चलाने वाले ने लाल शर्ट व पीछे बैठे युवक ने काली शर्ट पहन रखी थी। उन्होंने रसिकपुरिया रोड़ के बारें में पूछा और कहा ये रोड़ कहा जाता है। एड्रेस बताने के दौरान एक युवक ने गले पर झपट्टा मारा और गले से मंगलसूत्र खींच लिया। मेरे चिल्लाने पर दोनों युवक रसिकपुरिया रोड़ की तरफ फरार हो गए। सोने के मंगलसूत्र में सोने के 12 दाने लगे हुए थे। मंगलसूत्र टूटने से तीन दाने घटनास्थल पर ही गिर गए। गांव के लोगों ने युवकों का पीछा भी किया। लेकिन वो फरार हो चुके। ग्रामीणों ने इसकी सूचना सांगोद थाने में दी। पुलिस ने मौके पर आकर पूछताछ की है।


