सिरसा जिले की कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल द्वारा दिया गया बयान विवादों में आ गया है। इस बयान पर सोशल मीडिया पर लोगों ने काफी नाराजगी जताई है। संतोष बैनिवाल पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए कहा, “कान खोलकर सुन लो। ये जो आवाज उठी है और जो हमारे किसान साथी व किसान भाईयों पर केस दर्ज किए है। अगर इनको वापस नहीं लिया गया तो हम थाने के अंदर आग लगाने का काम करेंगे। कान खोलकर सुन लो”। अपने संबोधन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल ने कहा, “हम एसपी मैडम से बात करेंगे। मैं उनसे कहना चाहूंगी, कान खोल कर सुन लो। यह जो आवाज उठी है। जो आपने हमारे किसान साथियों पर केस दर्ज किए हैं। इनको वापिस लिया जाए। एक साथी की लड़ाई में आपने जो आहुति डालने का काम किया। सभी किसान साथी यहां पहुंचे और किसान नेता मंगेज चौधरी कहीं भी किसान या किसी वर्ग की आवाज उठती है और किसी घर के ऊपर कुड़की आती है। खासकर वहां पर जरूर पहुंचते हैं। यह बयान उन्होंने मंगलवार को डबवाली अनाज मंडी में किसानों द्वारा आयोजित महापंचायत में दिया, जिसका अब वीडियो सामने आया है। दरअसल, डबवाल पुलिस ने डबवाली निवासी व्यक्ति का घर लोन किस्त न भरने पर सील किया गया ताला तोड़ने के मामले में मंगेज चौधरी व अन्य पर केस दर्ज कर लिया था। ये मुकदमे वापस लेने की मांग है। इसी को लेकर किसान सिरसा ही नहीं हरियाणा व राजस्थान व पंजाब के किसान व मजदूर और अन्य लोग एकजुट हुए। इस महापंचायत में राजस्थान के बलवान पूनिया, मंगेज चौधरी और संतोष बेनीवाल के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और राजस्थान के किसान संगठनों के नेता तथा भारी संख्या में किसान व मजदूर मौजूद रहे। यह था मामला, जिसको लेकर किसान एकजुट हुए रिटायर्ड अफसर गुरमेल सिंह से जुड़ा मामला, किस्त न भरने पर किया था मकान सील यह मामला डबवाली के रहने वाले रिटायर्ड अफसर गुरमेल सिंह से जुड़ा है, जिन्होंने बैंक से ऋण लिया था और अपनी संपत्ति गिरवी रखी थी। ऋण चुकाने में चूक होने पर बैंक ने सरफेसी एक्ट 2002 के तहत कार्रवाई की। सिरसा के जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर 11 मार्च 2026 को बैंक ने संपत्ति पर विधिवत कब्जा कर लिया था और सुरक्षा के लिए गार्ड भी नियुक्त किए गए थे। मंगेज चौधरी ने किसानों के साथ आकर तोड़े थे ताले, बदले में मुकदमा दर्ज किया इसके बाद 21 मई 2026 को गुरमेल सिंह अपने साथी मंगेज चौधरी और 40-50 अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बैंक के कब्जे वाली संपत्ति के ताले तोड़कर जबरन अंदर प्रवेश किया और गुरमेल को वापस कब्जा दिलाया। एचडीएफसी बैंक ने इस अवैध कब्जे और आपराधिक गृह अतिक्रमण को लेकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मंगेज चौधरी सहित अन्य लोगों पर मामला दर्ज किया। इसी मामले को लेकर किसान संगठनों ने मंगलवार को डबवाली की अनाज मंडी में एक महापंचायत का आयोजन किया। इस महापंचायत का उद्देश्य दर्ज किए गए केसों को वापस लेने और अन्य संबंधित मुद्दों पर चर्चा करना था।


