वाराणसी में बुधवार सुबह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अजय राय के खिलाफ भाजपा आज प्रदर्शन कर रही है। काशी के सांसद और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अमर्यादित टिप्पणी का विरोध में जिला मुख्यालय पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटे हैं। वाराणसी महानगर और वाराणसी जिला भाजपा संगठन की ओर से आयोजित ‘आक्रोश सभा’ में 8 विधानसभा से कार्यकर्ता शामिल हुए। भाजपा के मंत्री, विधायक, एमएलसी समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने विरोध दर्ज कराया। वक्ताओं ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली और उनकी टिप्पणी को ओछी मानसिकता बताया। उधर, भाजपा के कार्यक्रम के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं पर भी नजर रखी जा रही है। कार्यक्रम में नवनियुक्त जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल, पूर्व जिलाध्यक्ष और राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि, मंत्री दयाशंकर मिश्र, पूर्व मंत्री एवं विधायक डा. नीलकंठ तिवारी, विधायक कैंट सौरभ श्रीवास्तव, प्रदेश मंत्री मीना चौबे, पूर्व सांसद राजेश मिश्रा, पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण, प्रवक्ता अशोक पांडे समेत बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। तस्वीरों में देखिए भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी


