जमीन को अवैध तरीके से कब्जा कर बना था बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले असद का मकान, मामले में एक और नया खुलासा

जमीन को अवैध तरीके से कब्जा कर बना था बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले असद का मकान, मामले में एक और नया खुलासा

Surya Murder Case Update: बकरीद के दिन हुए सूर्या हत्याकांड में एक बहुत बड़ा खुलासा हुआ है। सूर्या की हत्या करने वाले आरोपी असद का मकान पूरी तरह से गैरकानूनी तरीके से बना था। प्रशासन की जांच में सामने आया है कि असद ने सरकारी जमीन पर कब्जा करके अपना घर खड़ा किया था। अब इस मकान को गिराने की तैयारी पूरी हो चुकी है।

सरकारी बंजर जमीन पर कर रखा था कब्जा

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, असद ने कानून तोड़कर एक सरकारी बंजर जमीन पर जबरन कब्जा किया और उस पर अपना मकान खड़ा कर लिया। जब पुलिस और प्रशासन ने सूर्या की हत्या के बाद असद के बारे में छानबीन शुरू की, तब जाकर इस अवैध कब्जे का पता चला।

प्रशासन ने थमाया नोटिस, कभी भी चल सकता है बुलडोजर

इस मामले में सरकारी अधिकारियों ने सख्त कदम उठाया है। प्रशासन की तरफ से मकान को गिराने का नोटिस जारी किया जा चुका है। वहीं प्रशासन आगे की कारवाई की तैयारी में लग गया है।

कार्रवाई के डर से किरायेदारों ने खाली किया मकान, सामान समेटकर भागे

सूर्या मर्डर केस के मुख्य आरोपी असद के घर पर जैसे ही प्रशासन ने ढोल बजवाकर नोटिस चिपकाया, वैसे ही वहां हड़कंप मच गया। इस मकान की पहली मंजिल पर करीब एक महीने पहले ही एक परिवार किराए पर रहने आया था। लेकिन मर्डर के बाद से इलाके में बने तनाव और अब प्रशासन द्वारा मकान को गिराने की तैयारी को देखते हुए, किरायेदारों ने डर के मारे मंगलवार को अपना सारा सामान समेटा और तुरंत घर खाली कर दिया।

देर रात आरोपी असद के घर पर हंगामा, भीड़ ने की गेट तोड़ने की कोशिश

सोमवार की आधी रात को कुछ लोगों ने आरोपी असद के मकान पर धावा बोल दिया और उसके घर का मुख्य दरवाजा तोड़ने की कोशिश की। आस-पास रहने वाले लोगों ने बताया कि रात को अचानक गली में जोर-जोर से चिल्लाने की आवाजें आने लगीं। जब लोग अपने घरों से बाहर आए, तो देखा कि कुछ लोग असद के घर का गेट तोड़ रहे थे। हंगामा बढ़ते देख तुरंत पुलिस को इसकी खबर दी गई। पुलिस के आते ही तोड़फोड़ करने वाले लोग मौके से भाग निकले। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।

बाइक के विवाद में पिता ने कहा था- ‘कहानी खत्म कर दो’

पुलिस की पूछताछ में सामने आया है कि मृतक सूर्या चौहान और आरोपी असद पहले दोस्त थे। घटना वाले दिन दोपहर में बाइक चलाने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ा कि असद ने इसकी शिकायत अपने पिता नवाब से की। इसके बाद पिता नवाब ने ही असद और उसके दोस्तों के साथ मिलकर सूर्या को सबक सिखाने की खौफनाक साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, पिता ने ही कहा था कि आज इसकी कहानी खत्म कर दो, जिसके बाद आरोपियों ने सूर्या पर हमला कर दिया। पुलिस अब इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *