हरदोई में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक राष्ट्रीय राजमार्गों पर अवैध पार्किंग, सड़क किनारे अतिक्रमण और इनसे होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम पर केंद्रित थी। बैठक स्वामी विवेकानंद सभागार में मंगलवार शाम 6:15 बजे शुरू हुई और लगभग एक घंटे तक चली। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को राष्ट्रीय राजमार्गों पर यातायात बाधित करने वाले सभी अवैध अतिक्रमणों और अनधिकृत पार्किंग स्थलों को चिन्हित कर तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने इस बात पर जोर दिया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क किनारे खड़े भारी वाहन, अवैध पार्किंग और शहरी क्षेत्रों में अतिक्रमण दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। डीएम ने पुलिस, परिवहन विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और स्थानीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए। साथ ही, सड़क सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए गए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त, अवैध पार्किंग करने वाले वाहन मालिकों और अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने आम जनता और वाहन चालकों से अपील की कि वे अपने वाहन निर्धारित स्थानों पर ही खड़े करें और सड़क तथा राजमार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से ही सुरक्षित और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सकती है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक सुबोध गौतम, सहायक संभागीय अधिकारी अरविंद कुमार सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


