सहारनपुर में दो लग्जरी गाड़ियां कथित तौर पर हड़पने का मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने मंगलवार को भीम आर्मी के जिला प्रभारी सन्नी गौतम के साथ एसएसपी से मुलाकात कर शिकायत पत्र सौंपा। उसने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। टैगोर गार्डन, पेपर मिल रोड निवासी हर्ष पुत्र अजय कुमार ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि उसके परिचित अरनव सहगल हकीकत नगर और हर्षित सिंघल हसनपुर, दिल्ली रोड ने दोस्ती का फायदा उठाया। उन्होंने निजी कार्य का हवाला देकर उसकी फॉर्च्यूनर और थार गाड़ियां ली थीं। पीड़ित के अनुसार, सितंबर 2024 में कुछ दिनों के लिए मांगी गई ये गाड़ियां तय समय बीतने के बाद भी वापस नहीं की गईं। जब हर्ष ने कई बार अपनी गाड़ियां वापस मांगीं, तो आरोपी टालमटोल करते रहे। आरोप है कि 22 मई 2026 को जब वह गाड़ियां लेने पहुंचा, तो आरोपियों ने वाहन लौटाने से साफ इनकार कर दिया। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। हर्ष ने आरोप लगाया कि उसकी गाड़ियों का दुरुपयोग किया जा सकता है या उन्हें बेचा जा सकता है, जिससे उसे आर्थिक और कानूनी नुकसान उठाना पड़ सकता है। उसने दावा किया कि वाहनों के सभी दस्तावेज उसके पास हैं और वह आज तक उनकी किस्तों का भुगतान कर रहा है। भीम आर्मी के जिला प्रभारी सन्नी गौतम ने कहा कि संगठन पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए उसके साथ खड़ा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। गौतम ने चेतावनी दी कि यदि उचित कार्रवाई नहीं हुई, तो संगठन आगे की रणनीति तय करेगा। एसएसपी को सौंपे गए प्रार्थना पत्र में आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में खयानत, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई है। साथ ही, दोनों गाड़ियां सुरक्षित बरामद कर पीड़ित को दिलाने का अनुरोध भी किया गया है।


