उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) ने प्रवक्ता (राजकीय इंटर कॉलेज — GIC) और प्रवक्ता (कारागार प्रशासन) परीक्षाओं डेट जारी कर दी है। GIC प्रारम्भिक परीक्षा 14 जून को सुबह 09:30 से 11:30 बजे तक एक सत्र में आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा प्रदेश के 67 जनपदों में निर्धारित केंद्रों पर संचालित होगी। परीक्षा में कुल 13 विषय शामिल हैं — हिन्दी, संस्कृत, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, भौतिक विज्ञान, उर्दू, गणित, समाजशास्त्र, जीव विज्ञान, अंग्रेजी, नागरिक शास्त्र और रसायन विज्ञान। यह भर्ती विज्ञापन संख्या ए-6/ई-1/2025, दिनांक 12-08-2025 के अंतर्गत कराई जा रही है। वहीं प्रवक्ता (कारागार प्रशासन) परीक्षा के दो विषय केवल लखनऊ जनपद में आयोजित होंगे। मनोविज्ञान विषय की परीक्षा 17 जून 2026 को प्रथम सत्र में सुबह 09:30 से 11:30 बजे तक होगी, जबकि अपराध विज्ञान और दण्डशास्त्र की परीक्षा उसी दिन दूसरे सत्र में दोपहर 02:30 से शाम 04:30 बजे तक रखी गई है। आयोग ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे परीक्षा से संबंधित अन्य विवरण व अद्यतन जानकारी हेतु UPPSC की आधिकारिक वेबसाइट नियमित रूप से चेक करते रहें। किसी बदलाव या आगे के निर्देश होने की स्थिति में आयोग द्वारा सूचित किया जाएगा।


