रामलला दर्शन करके चूरू आ रहे पति-पत्नी की मौत, खाटूश्यामजी जाने की इच्छा रह गई अधूरी, कंटेनर में घुसी कार

रामलला दर्शन करके चूरू आ रहे पति-पत्नी की मौत, खाटूश्यामजी जाने की इच्छा रह गई अधूरी, कंटेनर में घुसी कार

Car Collided With Container Truck: अयोध्या में रामलला के दर्शन कर खाटूश्यामजी जा रहे श्रद्धालुओं की यात्रा मातम में बदल गई। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चालक को झपकी आने से तेज रफ्तार कार आगे चल रहे कंटेनर में जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन का अगला हिस्सा कंटेनर में समा गया। दुर्घटना में एक दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक और घायल राजस्थान के चूरू और सीकर तथा बिहार के बांका जिले के निवासी बताए गए हैं।

खाटूश्याम जा रहे थे श्रद्धालु

जानकारी के अनुसार सीकर निवासी शंकरलाल टेलर (31) पुत्र रिद्धकरण अपनी पत्नी प्रीति (28), चूरू निवासी मित्र राजू और उनकी पत्नी प्रमिला (31) के साथ अयोध्या में रामलला के दर्शन कर खाटूश्यामजी के लिए रवाना हुए थे। उनके साथ बिहार के बांका जिले के भरखो गांव निवासी सुनील कुमार (36) पुत्र श्रवण, उनकी बहन पूजा (32) पत्नी सुनील कुमार और 3 वर्षीय भांजा अयांश भी कार में सवार थे। कार चूरू निवासी मोहम्मद शोएब (30) पुत्र सलीम चला रहा था।

एक झपकी और उजड़ गया परिवार

रविवार रात करीब पौने दो बजे फतेहाबाद थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के बीच चालक को कथित रूप से झपकी आ गई। इससे अनियंत्रित हुई कार सामने चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा फटकर कंटेनर में फंस गया।

चीख-पुकार सुनकर दौड़े राहगीर

हादसे के बाद कार में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर राहगीरों ने पुलिस और यूपीडा को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीमों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्षतिग्रस्त कार में फंसे लोगों को निकालने के लिए करीब 45 मिनट तक मशक्कत करनी पड़ी।

तीन लोगों ने मौके पर तोड़ा दम

बचाव दल ने कार में फंसे मोहम्मद शोएब, पूजा, प्रमिला, राजू और अयांश को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं शंकरलाल, उनकी पत्नी प्रीति और सुनील कुमार कार में बुरी तरह फंस गए थे। उन्हें काफी प्रयास के बाद बाहर निकाला जा सका लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

5 घायल, अस्पताल में उपचार जारी

घायलों को पहले फतेहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा की इमरजेंसी में रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

चूरू और सीकर में शोक की लहर

हादसे की सूचना मिलते ही चूरू, सीकर और बिहार के बांका जिले में परिजनों के बीच कोहराम मच गया। अयोध्या दर्शन और खाटूश्याम यात्रा पर निकले परिवारों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि यह सफर इतनी बड़ी त्रासदी में बदल जाएगा। दंपति की खाटूश्याम जाने की इच्छा भी अधूरी रह गई। हादसे का सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस बोली- झपकी बनी हादसे की वजह

डीसीपी पूर्वी जोन अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण चालक को झपकी आना सामने आया है। एसीपी फतेहाबाद इमरान अहमद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा फरार कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *