हापुड़ के थाना हापुड़ देहात क्षेत्र के गढ़ रोड पर सोमवार की देर रात एक प्रमुख उद्योगपति के घर डकैती की वारदात हुई। हथियारबंद बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर लाखों रुपये की नकदी और एक किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण लूट लिए। पीड़ित परिवार ने बदमाशों पर दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का भी आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर DIG समेत आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, उद्योगपति नरेंद्र अग्रवाल अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। देर रात करीब 11:45 बजे परिवार के सदस्य पौत्र सिद्धांत अपने एक दोस्त के साथ घर लौटे। जैसे ही सिद्धांत घर के अंदर दाखिल हुए, उनके पीछे-पीछे चार हथियारबंद बदमाश भी घर में घुस आए। बदमाशों ने परिवार को गन प्वाइंट पर लेकर पूरे घर पर कब्जा कर लिया। बदमाशों ने घर में मौजूद चादरों को फाड़कर परिवार के सदस्यों के हाथ-पैर बांध दिए और उन्हें एक कमरे में बंधक बना दिया। इसके बाद लगभग एक घंटे तक बदमाशों ने घर में तलाशी ली। उन्होंने अलमारियों, लॉकरों और अन्य स्थानों से लाखों रुपये की नकदी तथा एक किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण लूट लिए। पीड़ित के अनुसार, वारदात के दौरान बदमाशों ने उनसे दो करोड़ रुपये की फिरौती की भी मांग की। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चारों बदमाश एक बाइक पर आए थे और योजनाबद्ध तरीके से घर में दाखिल हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। DIG कलानिधि नैथानी ने बताया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच पड़ताल की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


