सिवनी में निर्माणाधीन कुआं धंसा, बुजुर्ग दादी को बचाया गया, 7 घंटे रेस्क्यू के बाद निकले मां-बेटी के शव

सिवनी में निर्माणाधीन कुआं धंसा, बुजुर्ग दादी को बचाया गया, 7 घंटे रेस्क्यू के बाद निकले मां-बेटी के शव

Well Collapse In Seoni : मध्य प्रदेश के सिवनी जिला मुख्यालय से 25 किमी दूर स्थित बंडोल थाना इलाके के दुकली गांव में स्थित एक निजी खेत में निर्माणाधीन कुआं धंसने से एक ही परिवार की तीन महिलाएं मलबे में दब गईं। बताया जा रहा है कि, मलबे में दबने वाली तीनों महिलाएं रिश्ते में मां-बेटी और दादी हैं। हादसे में मां – बेटी की मलबे में दबकर मौत हो गई है, जबकि बुजुर्ग नानी को समय रहते ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर मलबे से बाहर निकाल लिया है। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है।

फिलहाल, जानकारी लगते जिला प्रशासन के आला अधिकारियों समेत पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। करीब 7 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद देर रात को निकाले गए मां – बेटी के शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए पहुंचाया गया, जबकि हादसे के तुरंत बाद मिट्टी से निकाली गई बुजुर्ग महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचा दिया है। वहीं, मामले की जांच शुरु कर दी है।

बताया जा रहा है कि, बुजुर्ग महिला समनिया बाई जंघेला ने अपने खेत पर खुद के निजी कुएं का निर्माण कराया है। हादसा उस समय हुआ, जब तीनों महिलाएं कुएं में हालही में हुए कंक्रीटीकरण की तराई कर रही थीं। इसी दौरान पानी डलने से कुएं का मलबा धंस गया, जिसमें 75 वर्षीय समनिया बाई जंघेला के अलावा उनकी बहु 42 वर्षीय अनुसूईया जंघेला और अनुसूईया की बेटी 17 वर्षीय स्वाति मलबे में दब गईं।

मां-बेटी की मौत, दादी गंभीर घायल

मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे हुई इस घटना में अनुसूईया जंघेला और बेटी स्वाति जंघेला मलबे में पूरी तरह दब गईं थी। जबकि, बुजुर्ग समनिया जंघेला का आधा हिस्सा मलबे में दबा था, जिसे किसी तरह ग्रामीणों ने कुएं से बाहर निकाल लिया और एम्बुलेंस की मदद से तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। फिलहाल, बुजुरग महिला का उपचार गंभीर हालत में जारी है।

आला अधिकारी मौके पर

घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अनिल कुमार राठौर, पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी, सिवनी एसडीओपी सचिन परते समेत बंडोल थाना का पुलिस बल तथा रेस्क्यू दल मौके पर पहुंच गया। बचाव दलों द्वारा दो जेसीबी मशीनों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरु किया। हादसे के 7 घंटे बाद रात करीब 1 बजे महिला और उसकी बेटी के शव को बचाने के लिए कुएं

40 फीट गहरा कुआं, रैम्प बनाने में लगी जेसीबी मशीन

बताया गया कि लगभग 40 फीट गहरा कुआं निर्माणाधीन था, जिसमें कंक्रीट की बंधाई की गई थी। एक ही परिवार की तीनों महिलाएं कुएं के चारों ओर तराई कर रही थीं। इसी दौरान कुआं धंस गया और तीनों महिलाएं मलबे के साथ कुएं में समा गईं। समनिया बाई को रस्सी की मदद से ग्रामीणों ने कुएं से बाहर निकाला।

रेस्क्यू दल पर देरी से पहुंचने का आरोप

दुकली गांव में निर्माणाधीन कुएं में तीन लोगों के दबने की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे सिवनी युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आदित्य मोंटू भूरा, जिला पंचायत सदस्य तथा युवा कांग्रेस के विस अध्यक्ष नितिन डेहरिया ने रेस्क्यू दल व जेसीबी मशीनों के घटना स्थल देरी से पहुंचने की बात कही है।

7 घंटे बाद मलबे से निकले मां-बेटी के शव

आदित्य मोंटू भूरा ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि कुआं धंसने की सूचना देने के बावजूद पुलिस प्रशासन के अधिकारी देरी से मौके पर पहुंचे। रेस्क्यू के मौके में पहुंचने में हो रही देरी पर कांग्रेस प्रदेश महामंत्री राजा बघेल के माध्यम से मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को घटना से अवगत कराया, जिन्होंने जिले के प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर जाने के निर्देश दिए। फिलहाल, 7 घंटे बाद मलबे से मां-बेटी के शवों का बाहर निकाल लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *