नवगठित नगर पंचायत पलारी में पहली बार हुए चुनाव को लेकर मतदाताओं व नगरवासियों में उत्साह नजर आया। सुबह से लेकर शाम तक बढ़ चढ़कर मतदान किया। 15 वार्ड के पार्षदों व अध्यक्ष पद के मतदान के लिए 15 वार्ड के लिए 15 मतदान केंद्र बनाए गए थे। नगर सरकार चुनने के लिए 3766 मतदाताओं में से 3620 मतदाताओं ने मतदान किया। इसमें 1841 महिला मतदाता व 1779 पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया। यानी नगर पंचायत पलारी में 96.10 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया है। छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण रहा। मतदाताओं ने 15 वार्डों के पार्षद व अध्यक्ष सहित कुल 36 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया है। चुनाव परिणाम के लिए 4 जून तक इंतजार करना होगा।

पलारी के नगर पंचायत बनने की खुशी
पहले यहां ग्राम पंचायत का चुनाव होता था। मतदाता ग्राम पंचायत सरपंच व पंच का चुनाव करते थे। इस बार नगर पंचायत अध्यक्ष व पार्षद पद के लिए मतदान हुआ। वहीं बुजुर्ग ताम बाई 86 वर्ष ने कहा कि आज गांव में त्यौहार जैसा माहौल है। हमें खुशी भी है कि पलारी नगर पंचायत बन गया।
यह देखें :
Video : नगर सरकार चुनने पलारी में 96.10 प्रतिशत मतदान
बीमार हेमलाल ने ऑक्सीजन मास्क लगाकर किया मतदान
पलारी के हेमलाल साहू काफी दिनों से बीमार हैं। वह मतदान करने ऑक्सीजन मास्क लगाकर आए थे। अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनके इस हौसले की सराहना की गई।
मतदान की स्थिति
पुरुष -1854
महिला- 1912
कुल मतदाता- 3766
मतदान करने की संख्या
पुरुष -1779
महिला -1841
योग -3620
मतदान का प्रतिशत
पुरुष -96.00 प्रतिशत
महिला -96.30 प्रतिशत
कुल प्रतिशत -96.10 प्रतिशत
यह भी पढ़ें :
40000 पौधे रोपने 9 साल में नहीं मिली 20 एकड़ जमीन
भाजपा-कांग्रेस के बड़े नेता रहे सक्रिय
मतदान के दौरान भाजपा व कांग्रेस के बड़े नेता नगर पंचायत पलारी पहुंच कर सभी मतदान केंद्रों में जाकर स्थिति का जायजा लिया। भाजपा व कांग्रेस के नेताओं ने इस नगर पंचायत चुनाव में अपनी-अपनी जीत का दावा किया। अब नतीजा 4 जून को ही आएगा और उसी दिन तय होगा कि नगर पंचायत में किसकी सरकार बनेगी।


