स्वर्णनगरी सहित जिले भर में मौसम के रंग बदलने का दौर सोमवार को भी बना रहा। दिन भर उमस और चिपचिपाहट भरी गर्मी ने लोगों को तड़पाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। शाम तक मौसम का यही हाल देखने को मिला। इसके बाद मौसम का मिजाज बदला। जैसलमेर, पोकरण व रामगढ़ में तेज बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश से पहले आंधियों ने जन-जीवन प्रभावित किया।
स्वर्णनगरी में बारिश से गली-मोहल्ले व मुख्य मार्ग पानी से तरबतर हो गए। बारिश के बाद हवाओं का दौर शुरू हो गया, जिससे आमजन को राहत मिली। आंधी व बारिश के मौसम के दौरान बिजली गुल हो गई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 41.4 और न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इससे पूर्व दिन की शुरुआत से तीखी धूप ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान के मामले में जैसलमेर सोमवार को राजस्थान का तीसरा सबसे गर्म शहर रहा।
रामगढ़ में बदला मौसम का मिजाज, तेज हवा के साथ हुई बारिश
रामगढ़. कस्बे में सोमवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। शाम करीब 8 बजे तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दोपहर बाद आसमान में बादल छाने लगे और देखते ही देखते देर शाम तेज हवा के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। लंबे समय से गर्मी और उमस से परेशान लोगों ने बारिश से राहत महसूस की। बारिश शुरू होते ही क्षेत्र में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई। बिजली गुल होने से लोगों को कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण मौसम सुहावना हो गया।
आमजन को मिली गर्मी से राहत
रामदेवरा. कस्बे में सोमवार को रिमझिम बरसात के चलते क्षेत्र की सभी सड़कों पर बरसात का पानी काफी मात्रा में जमा हो गया। बरसात से छतों के परनाले भी बहने लगे। आमजन को भीषण गर्मी से रिमझिम बरसात के दौरान राहत मिली। आसमान में बिजली कड़कने और बादलों की गर्जना के बीच रिमझिम बरसात से मौसम सुहाना बन गया।
तेज आंधी के बाद चला हल्की बारिश का दौर, गर्मी से राहत
पोकरण. क्षेत्र में गत कुछ दिनों से मौसम में हो रहे बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। सोमवार सुबह से ही गर्मी व उमस का मौसम बना हुआ था। सुबह 10 बजे बाद तापमान में हुई बढ़ोतरी से गर्मी का असर बढ़ गया और आमजन का बेहाल हुआ। दोपहर में आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही हुई। दोपहर बाद करीब 4 बजे पूर्व दिशा से रेत के गुबार उठे और कुछ ही देर में पूरा कस्बा रेत की आगोश में समा गया। करीब पौन घंटे तक तेज आंधी का असर रहा। जिससे जन-जीवन प्रभावित हो गया। करीब 6 बजे तेज बौछारों के साथ हल्की बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब 5 मिनट तक हुई हल्की बारिश से सड़कें तर हो गई और मौसम सुहावना हो गया। जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। देर रात तक भी आसमान में बादल छाए हुए थे और तेज हवाएं चल रही थी।


