रोल (नागौर)। नागौर जिले की रोल पंचायत के रातंगा गांव से हरिद्वार तीर्थ यात्रा पर गए श्रद्धालुओं की बस सोमवार सुबह हरिद्वार में शांतिकुंज के निकट भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से बस पलटने पर एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई व 37 अन्य तीर्थयात्री घायल हो गए। इसमें 3 गंभीर घायलों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। ये सभी तीर्थ यात्री पूर्णिमा का स्नान करने के लिए तीस मई की रात गांव से रवाना हुए थे।
जानकारी के अनुसार गुगराली निवासी पिंटू सिंह की एसी कोच बस श्रद्धालुओं को लेकर हरिद्वार गई थी। सोमवार सुबह शांतिकुंज के पास तेज रफ्तार डंपर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और एक बोलेरो को टक्कर मारते हुए सड़क किनारे स्थित ढाबे में जा घुसा। चपेट में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जाता है कि बस को बैक करते समय यह हादसा हुआ। बस पलटते ही बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े।
हादसे में रोल थाना क्षेत्र के रातंगा गांव निवासी पुष्पा कंवर (52) पत्नी भंवर सिंह की मौत हो गई, जबकि 37 श्रद्धालु घायल हुए है, जिनका हरिद्वार के अस्पताल में उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही रातंगा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
घायलों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल
घायलों में 29 महिलाएं, 6 पुरुष और 2 बच्चे शामिल हैं। तीन गंभीर घायलों को उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर किया गया है। हादसे में रातंगा गांव निवासी दानाराम (65), बरजू देवी (55), आचू देवी (55), गुलाब कंवर (55), भंवरी देवी (70), फेफां देवी (68) तथा सुरजीत कंवर (60) भी घायल हुए हैं। सभी का हरिद्वार के अस्पताल में उपचार जारी है।
प्रशासन ने शुरू किया बचाव कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही हरिद्वार पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों की स्थिति खतरे से बाहर है। पुष्पा कंवर के निधन की खबर से रातंगा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।


