भारतीय मूल के पायलट की अमेरिका में हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत, घंटों पहले हुई थी शादी

भारतीय मूल के पायलट की अमेरिका में हेलीकॉप्टर क्रैश में मौत, घंटों पहले हुई थी शादी

अमेरिका के जार्जिया से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां एक विमान हादसे के चलते शादी की खुशियां मातम में बदल गई। जानकारी के अनुसार एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना एक भारतीय मूल के पायलट की मौत हो गई। पायलट की पहचान 26 वर्षीय डेव फिजी के रूप में हुई है जो कि डेल्टा एयर लाइन्स में फर्स्ट ऑफिसर के रूप में कार्यरत थे। फिजी अपनी शादी के कुछ ही घंटों बाद एक हेलीकॉप्टर हादसे में जान गंवा बैठे। डेव और उनकी पत्नी जेस्नी शादी के बाद हेलीकॉप्टर से अपने हनीमून पर जा रहे थे। इसी बीच विमान दुर्घटना का शिकार हो गया जिसमें डेव और पायलट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जेस्नी गंभीर लेकिन स्थिर में है और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सालों के रिश्ते के बाद हुई शादी

डेव फिजी और जेस्नी की शादी शुक्रवार को डॉसनविल स्थित एक समारोह स्थल पर संपन्न हुई थी। परिवार के अनुसार दोनों एक दशक पहले चर्च में मिले थे और लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे। विवाह समारोह में लगभग 400 मेहमान शामिल हुए थे। रिसेप्शन समाप्त होने के बाद नवविवाहित जोड़ा रॉबिन्सन आर66 हेलीकॉप्टर से डेकाल्ब-पीचट्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हुआ। यह उड़ान उनके लिए एक विशेष विदाई का हिस्सा थी। हालांकि हेलीकॉप्टर अपने गंतव्य तक नहीं पहुंच सका और डॉसन काउंटी के एक दूरस्थ वन क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

दुल्हन छह घंटे तक मलबे में फंसी रही

डेव के पिता जॉर्ज फिजी ने बताया कि दुर्घटना के बाद राहत और बचाव दल को हेलीकॉप्टर का पता लगाने में समय लगा। इस दौरान जेस्नी घायल अवस्था में करीब छह घंटे तक मलबे के बीच फंसी रहीं। उन्हें शरीर पर कई चोटें और कट लगे, लेकिन वह जीवित बच गईं। जॉर्ज फिजी के अनुसार जेस्नी ने होश में आने के बाद डेव को अपने पास पाया। एक नर्स होने के कारण वह उनकी स्थिति समझ गईं और जान गईं कि उनकी मृत्यु हो चुकी है। परिवार का कहना है कि जेस्नी मानसिक रूप से बेहद आहत हैं, लेकिन उनकी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार हो रहा है।

उड़ान से पहले डेव ने मौसम को लेकर जताई थी चिंता

परिवार के अनुसार डेव स्वयं प्रशिक्षित एयरलाइन पायलट थे और उड़ान से पहले मौसम को लेकर चिंतित थे। उनके पिता ने बताया कि डेव ने कथित तौर पर हेलीकॉप्टर पायलट से कहा था कि दृश्यता लगभग शून्य है और ऐसी स्थिति में उड़ान सुरक्षित नहीं मानी जाती। इसके बावजूद पायलट ने कथित रूप से अधिक ऊंचाई पर उड़ान भरने की बात कही। फिलहाल राष्ट्रीय परिवहन सुरक्षा बोर्ड (NTSB) ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने अभी तक हादसे के वास्तविक कारण की पुष्टि नहीं की है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा कि खराब मौसम, तकनीकी समस्या या कोई अन्य कारण इस दुर्घटना के पीछे था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *