छत्तीसगढ़ में ‘वनवासी’ शब्द पर सियासत तेज! अमित शाह के विरोध में कांग्रेस ने फूंका पुतला

छत्तीसगढ़ में ‘वनवासी’ शब्द पर सियासत तेज! अमित शाह के विरोध में कांग्रेस ने फूंका पुतला

Congress Protest Chhattisgarh: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा ‘आदिवासी’ की जगह ‘वनवासी’ शब्द के उपयोग को लेकर छत्तीसगढ़ में सियासत गरमा गई है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में शनिवार शाम तिल्दा रोड तिगड्डा चौक पर आदिवासी कांग्रेस कमेटी ब्लॉक खरोरा के नेतृत्व में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, आदिवासी समाज के प्रतिनिधि और स्थानीय नेता शामिल हुए।

Congress Protest Chhattisgarh: आदिवासी सम्मान और पहचान का मुद्दा

कार्यक्रम का नेतृत्व आदिवासी कांग्रेस कमेटी ब्लॉक खरोरा के अध्यक्ष अमित उइके ने किया। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि ‘आदिवासी’ शब्द केवल एक संबोधन नहीं बल्कि समुदाय की ऐतिहासिक पहचान, संस्कृति और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा हुआ विषय है। वक्ताओं का कहना था कि ‘आदिवासी’ शब्द के स्थान पर ‘वनवासी’ शब्द का प्रयोग करना समुदाय की मूल पहचान को कमजोर करने जैसा है। कांग्रेस नेताओं ने इसे आदिवासी अस्मिता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार को घेरा

विरोध प्रदर्शन में जिला रायपुर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेन्द्र बंजारे, पूर्व विधायक अनिता शर्मा, जिला आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष दिलदार कुमरे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खरोरा के अध्यक्ष अश्वनी वर्मा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि आदिवासी समाज की पहचान और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार का प्रयोग स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र सरकार लगातार आदिवासी समुदाय की मूल पहचान को बदलने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि संविधान में आदिवासी समाज को जो सम्मान और अधिकार मिले हैं, उन्हें कमजोर करने का कोई भी प्रयास बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

तिल्दा रोड चौक पर जमकर नारेबाजी

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। तिल्दा रोड तिगड्डा चौक पर कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर विरोध जताया। इसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया गया। कुछ समय के लिए इलाके में राजनीतिक माहौल काफी गरमाया रहा। हालांकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं बनी।

Congress Protest Chhattisgarh: आदिवासी समाज की अस्मिता से जुड़ा विषय: कांग्रेस

वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज का इतिहास, संस्कृति और सामाजिक पहचान सदियों पुरानी है। ऐसे में ‘आदिवासी’ शब्द को बदलकर ‘वनवासी’ कहना केवल शब्दों का बदलाव नहीं बल्कि पहचान से जुड़ा मुद्दा है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आदिवासी समाज को जंगलों तक सीमित बताने की मानसिकता सही नहीं है। आदिवासी समुदाय इस देश की मूल सांस्कृतिक धरोहर का हिस्सा है और उसे उसी सम्मान के साथ देखा जाना चाहिए।

कार्यक्रम के अंत में जताया आभार

कार्यक्रम के अंत में आदिवासी कांग्रेस कमेटी ब्लॉक खरोरा के अध्यक्ष अमित उइके ने सभी वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी। साथ ही उन्होंने शांतिपूर्ण तरीके से कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *