सूर्या हत्याकांड: बकरीद पर सूर्या की हत्या करने वाले असद के एनकाउंटर केस में बड़ा अपडेट! पीड़ित परिवार को सौंपा गया चेक

Asad Encounter Ghaziabad: गाजियाबाद स्थित खोड़ा इलाके में सूर्या चौहान की हत्या के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। इंदिरापुरम और खोड़ा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आज तड़के यह मुठभेड़ हुई जिसमें असद मारा गया जबकि उसका एक साथी मौके से भागने में कामयाब रहा। आरोपी के मारे जाने के बाद पीड़ित परिवार ने योगी सरकार का आभार जताया है। शुक्रवार को जिले के आला अधिकारियों और बड़े नेताओं ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिया।

मंत्री और डीएम ने सौंपा 5 लाख का चेक

गाजियाबाद के जिलाधिकारी रवींद्र कुमार मांदड़, कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा और सांसद अतुल गर्ग पीड़ित परिवार से मिलने उनके खोड़ा स्थित आवास पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को सांत्वना दी और 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक सौंपा। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को नगर पालिका में सरकारी नौकरी देने का पक्का आश्वासन भी दिया। साहिबाबाद से विधायक और कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा ने साफ किया कि योगी सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कानून हाथ में लेने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मौके पर पूर्व नगर पालिका चेयरमैन रीना भाटी भी मौजूद रहीं।

डिप्टी सीएम और संगीत सोम ने की पुलिस की तारीफ

मुख्य आरोपी असद के एनकाउंटर पर प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि गाजियाबाद की इस घटना को सरकार ने बहुत गंभीरता से लिया था। पुलिस ने हत्यारों को घेर लिया और जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपी असद मारा गया। वहीं बीजेपी नेता संगीत सोम ने भी गाजियाबाद पुलिस को इस एनकाउंटर के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि खराब मानसिकता वाले लोगों का यही अंत होना चाहिए और पूरा देश पुलिस की इस कार्रवाई के साथ खड़ा है।

वीएचपी नेता ने भी की मुलाकात

विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर उनसे बात की और सहायता राशि प्रदान की। उन्होंने परिवार को न्याय और दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया। सूर्या की निर्मम हत्या के बाद खोड़ा इलाके में तनाव का माहौल है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सूर्या के घर के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स तैनात कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *