‘महाराज से भी बड़े हो गए मंत्री’ गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायक ने दो मंत्रियों को हटाने की मांग की

‘महाराज से भी बड़े हो गए मंत्री’ गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक विधायक ने दो मंत्रियों को हटाने की मांग की

Pannalal shakya- केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक एक विधायक ने शनिवार को अपनी ही सरकार को घेरा। उन्होंने दो मंत्रियों को सार्वजनिक रूप से नकारा बताते हुए हटाने की मांग की। गुना से भाजपा के विधायक पन्नालाल शाक्य ने बिना नाम लिए दोनों मंत्रियों पर जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने एक मंत्री को नौटंकी करने वाला और दूसरे को धक्का देने वाला बताकर नकारा करार दिया। विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा, ऐसे नकारा मंत्री को हटा देना चाहिए। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि’ ये मंत्री महाराज से भी बड़े हो गए।’

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक हैं विधायक पन्नालाल शाक्य

गुना विधायक पन्नालाल शाक्य केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के कट्टर समर्थक माने जाते हैं। उन्होंने हाल ही में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की मौजूदगी में एक कार्यक्रम में कहा था कि गुना किसी की जागीर नहीं है। यहां किसी को धंसने नहीं देंगे। शाक्य का इशारा ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर और खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत की ओर था।

प्राइमरी, मिडिल पास को हटाकर पीजी या पीएचडी वाले को मंत्री बनाएं

विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा, जो जरूरत पर जनता के साथ खड़े न हो, ऐसे जनसेवक नहीं चाहिए। सीएम से ऐसे नकारा मंत्रियों को हटाने की मांग करूंगा। शाक्य ने यहां तक कहा कि प्राइमरी, मिडिल पास को मंत्री पद से हटाकर पीजी या पीएचडी वाले को मंत्री बनाया जाना चाहिए।

महाराज के साथ किसी को चलने नहीं देते, ऐसा प्रभारी मंत्री भी नहीं चाहिए:

एमएलए पन्नालाल शाक्य शनिवार को क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या पर लोगों के साथ बिजली ऑफिस पहुंचे थे। जीएम अशोक शर्मा के सामने उन्होंने कई सवाल किए। बोले-गुना को बदनाम न करो। एक मंत्री इतने ज्ञानी हैं कि मंच पर ढोक देने लगते हैं। नाली में उतरकर सफाई करने लगते हैं। बीते दिनों सीएम व केंद्रीय मंत्री गुना आए तो एक मंत्री..जो महाराज के साथ किसी को चलने नहीं देते। वे महाराजा से भी बड़े हो गए। मुझे चलो हटो कहकर पीछे और किनारे कर दिया। हमें ऐसा प्रभारी मंत्री भी नहीं चाहिए।

खास बात यह है कि दोनों मंत्री भी ज्योतिरादित्य सिंधिया समर्थक हैं। विधायक पन्नालाल शाक्य की दो मंत्रियों को हटाने की मांग पर कांग्रेस ने भी तंज कसा है। कांग्रेस ने कहा है कि विधायक शाक्य सच कह रहे हैं, सरकार को सुनना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *