Jhabua Viral Video: मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले की थांदला विधानसभा सीट से पूर्व विधायक कलरसिंह भाबर का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में कालसिंह भंवर महिलाओं से अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। वो वीडियो में एक महिला का हाथ पकड़कर उसे झटकारते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के सामने आने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है और भाजपा संगठन से कलर सिंह भाबर पर कार्रवाई करने की मांग की है।
महिला का हाथ पकड़कर झटकारा
पूर्व विधायक कलरसिंह भाबर का महिलाओं से विवाद और अभद्रता करते जो वीडियो सामने आया है वो शनिवार का बताया जा रहा है। वीडियो एक खेत का है जिसमें कलरसिंह भाबर जेसीबी में बैठे हैं। इसी दौरान कुछ महिलाएं खेत में जेसीबी के सामने आकर खड़ी हो जाती हैं। तभी कलरसिंह भाबर गुस्से में जेसीबी का गेट खोलकर बाहर निकलते हैं महिलाओं को धमकाते दिख रहे है। इतना ही इस दौरान वो एक महिला का हाथ पकड़कर उसे जोर से दूर झटकते भी नजर आ रहे हैं। जो व्यक्ति ये वीडियो बना रहा है उसकी भी आवाज इसमें है। वो कह रहा है कि मामा महिलाओं पर लात न उठाना।
पारिवारिक बताया जा रहा विवाद
बताया जा रहा है कि ये विवाद पारिवारिक है और जमीन से जुड़ा हुआ है। कलरसिंह भाबर के बेटे का कहना है कि संबंधित महिलाएं उनके काका की जमीन को लेकर परेशान कर रही थीं, जिसके कारण ये स्थिति बनी। घटना की महिलाओं के द्वारा पुलिस में शिकायत नहीं की गई है। थांदला पुलिस ने भी इस तरह के मामले में कोई भी शिकायत न मिलने की बात कही है और इसी कारण अभी तक इस मामले में पुलिस के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
कांग्रेस ने साधा निशाना
पूर्व विधायक कलरसिंह भाबर के द्वारा महिलाओं से अभद्रता किए जाने का वीडियो सामने आने के बाद कांग्रेस ने एक बार फिर भाजपा पर हमला बोला है। प्रदेश कांग्रेस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना का वीडियो शेयर किया गया है और लिखा है- झाबुआ जिले के थांदला से पूर्व विधायक और अनुसूचित जनजाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रहे कलसिंह भाबर नारी शक्ति का इस तरह सम्मान करते हैं। भाजपा की नेतागिरी नेताओं के लिए अत्याचार, कब्जे और नारी अपमान का लाइसेंस बन गई है!


