अलीगढ़ में बड़ा हादसा: लिफ्ट के नीचे दबकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत, 20 दिन पहले सिर से उठ गया था मां का साया

अलीगढ़ में बड़ा हादसा: लिफ्ट के नीचे दबकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत, 20 दिन पहले सिर से उठ गया था मां का साया

Aligarh News: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक तीन मंजिला अपार्टमेंट में लिफ्ट के नीचे दबकर एक प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। यह घटना थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित गंगा जवाहर कॉलोनी में हुई है। हादसे में जान गंवाने वाला शख्स प्रॉपर्टी दिखाने के लिए एक महिला से मिलने अपार्टमेंट में गया था। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

महिला को प्रॉपर्टी दिखाने गए थे हरिओम

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मैरिस रोड स्थित हरिओम नगर के रहने वाले 55 वर्षीय हरिओम वर्मा पेशे से प्रॉपर्टी डीलर थे। शनिवार को वह थाना क्वार्सी क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित गंगा जवाहर कॉलोनी के रसिक अपार्टमेंट में गए थे। वह वहां रहने वाली आशा चौधरी नाम की एक महिला को प्रॉपर्टी दिखाने के लिए बुलाने गए थे। इसी दौरान वह हादसे का शिकार हो गए।

कैसे हुआ यह खौफनाक हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस जांच के अनुसार यह हादसा तकनीकी खराबी और घोर लापरवाही का नतीजा है।सिलसिलेवार तरीके से समझिए कैसे हुआ हादसा-

  • दरवाजा खुला पर लिफ्ट नहीं थी: अपार्टमेंट में प्रवेश करने के बाद हरिओम वर्मा ने ऊपर जाने के लिए लिफ्ट का बटन दबाया। तकनीकी खराबी के कारण लिफ्ट ऊपर ही अटकी हुई थी, लेकिन बटन दबाते ही ग्राउंड फ्लोर का सुरक्षा दरवाजा खुल गया।
  • अंधेरे में हुआ भ्रम: अंदर अंधेरा होने के कारण हरिओम वर्मा को लगा कि लिफ्ट नीचे आ चुकी है।
  • गड्ढे में गिरे: जैसे ही उन्होंने लिफ्ट में चढ़ने के लिए कदम आगे बढ़ाया वह सीधे लिफ्ट के गहरे डक्ट में जा गिरे।
  • ऊपर से गिरी लिफ्ट: हरिओम वर्मा के डक्ट में गिरते ही ऊपर अटकी हुई लिफ्ट अचानक तेजी से नीचे आ गई और वह भारी भरकम लिफ्ट के नीचे बुरी तरह दब गए।

केयरटेकर की सूझबूझ भी नहीं बचा पाई जान

हादसे के समय मौके पर मौजूद केयरटेकर इम्तियाज ने तुरंत सूझबूझ दिखाई और दौड़कर छत पर गया। उसने मशीन के जरिए लिफ्ट को ऊपर की तरफ खींचा। इसके बाद लहूलुहान हालत में हरिओम वर्मा को बाहर निकाला गया और तुरंत जेएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

20 दिन पहले ही उठा था मां का साया

हरिओम वर्मा अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। बड़े बेटे और बेटी की शादी हो चुकी है। उनकी बेटी नोएडा में रहती है। इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है। परिजनों के अनुसार महज 20 दिन पहले ही हरिओम वर्मा की मां का भी निधन हुआ था। मां के जाने के शोक से परिवार अभी उबरा भी नहीं था कि घर के मुखिया की इस तरह अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

लापरवाही की सख्त जांच होगी

घटना की सूचना मिलते ही एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह और थाना क्वार्सी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसीएम द्वितीय दिग्विजय सिंह ने बताया कि अपार्टमेंट में लिफ्ट के रखरखाव को लेकर गंभीर लापरवाही सामने आई है। लिफ्ट खराब होने के बावजूद वहां कोई चेतावनी बोर्ड क्यों नहीं लगाया गया था।

पुलिस और तकनीकी टीम इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि खराबी के बावजूद लिफ्ट का दरवाजा कैसे खुल गया। अधिकारियों का कहना है कि, जांच के बाद इस लापरवाही के लिए जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *