Rajasthan: राजस्थान के 2 ममेरे भाइयों की गुजरात में मौत, एक को बचाने पौंड में कूदा, दोनों डूबे

Rajasthan: राजस्थान के 2 ममेरे भाइयों की गुजरात में मौत, एक को बचाने पौंड में कूदा, दोनों डूबे

बाड़मेर। गुजरात के थराद तहसील क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में दो ममेरे भाइयों की फार्म पॉन्ड में डूबने से मौत हो गई। एक युवक का पैर फिसलने के बाद वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए दूसरा भाई भी पानी में कूद पड़ा, लेकिन दोनों ही बाहर नहीं निकल सके। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पहुंची फायर टीम ने करीब 40 मिनट तक रेस्क्यू अभियान चलाकर दोनों युवकों के शव बाहर निकाले। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।

यह वीडियो भी देखें

मृतक प्रकाश के चाचा मोहनराम ने बताया कि प्रकाश (18) पुत्र केवाराम निवासी जालीला, बीजासर (बांसवाड़ा) और उसका ममेरा भाई अरविंद पुत्र हरिराम निवासी जाटों का बेरा (बाड़मेर) करीब तीन दिन पहले मजदूरी के लिए गुजरात के थराद गए थे। वर्तमान में दोनों परिवार सांचौर क्षेत्र के गुड़ाबड़ासण गांव में खेती का कार्य करते हैं। वहां काम नहीं मिलने पर दोनों युवक मजदूरी करने थराद पहुंचे थे।

अरविंद परिवार का इकलौता बेटा

परिजनों के अनुसार अरविंद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है और करीब छह वर्ष पहले उसकी मां का निधन हो चुका है। वहीं प्रकाश के परिवार में तीन बहन और दो भाई हैं। चार भाई-बहनों की शादी हो चुकी है। प्रकाश पांचवें नंबर का था तथा उससे छोटी एक बहन है। दोनों युवक परिवार की आर्थिक मदद के लिए मजदूरी करने बाहर गए थे।

तालाब में नहाते समय हुआ हादसा

थराद फायर ऑफिसर विरमजी राठौड़ ने बताया कि गुरुवार रात फायर स्टेशन को सूचना मिली थी कि करणपुरा गांव स्थित खेत तालाब की पाल पर बैठे दो युवक नहा रहे थे। इस दौरान एक युवक अचानक पैर फिसलने से पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए दूसरा युवक भी तालाब में उतर गया, लेकिन दोनों गहरे पानी में फंस गए।

सूचना मिलते ही फायर टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद दोनों युवकों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। बाद में शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव और परिवार में शोक का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *