यूपी में आंधी तूफान से मची भारी तबाही, 75 जिलों में तूफान और 12 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

यूपी में आंधी तूफान से मची भारी तबाही, 75 जिलों में तूफान और 12 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी

UP Weather Alert: उत्तर प्रदेश में आंधी, तूफान और मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। शुक्रवार तड़के सहारनपुर में भारी बारिश के कारण पहाड़ों से तेज बहाव के साथ पानी नीचे आ गया। इस सैलाब में इनोवा और ट्रैक्टर समेत 10 गाड़ियां बह गईं और कई बाइकें मलबे में दब गईं। इस दर्दनाक हादसे में 2 पर्यटकों की जान चली गई है। पूरे प्रदेश में आंधी और बारिश से जुड़े अलग अलग हादसों में अब तक 22 लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन की ओर से मौके पर राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। जानिए मौसम विज्ञान विभाग ने क्या चेतावनी जारी की है और कब तक जारी रहेगा विनाश का यह दौर?

कब तक जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आ रही नम हवाओं के कारण यूपी के मौसम में यह अचानक बदलाव आया है। 28 मई से एक नया पश्चिमी विक्षोभ भी सक्रिय हो गया है। पश्चिमी यूपी और तराई वाले इलाकों में तूफान का सबसे ज्यादा खतरा मंडरा रहा है। 1 जून तक यह सिलसिला ऐसे ही जारी रहेगा जिससे लोगों को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी और तापमान में 6°C तक की भारी गिरावट आ सकती है।

सीएम योगी ने दिए अधिकारियों को निर्देश

प्रदेश भर में बारिश और तूफान से हुए भारी नुकसान पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल संज्ञान लिया है। उन्होंने सभी आला अधिकारियों को तुरंत फील्ड में उतरकर प्रभावित लोगों तक मदद पहुंचाने के सख्त निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने यूपी के सभी 75 जिलों में तूफान की चेतावनी जारी की है जबकि 12 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

हमीरपुर और कौशांबी में दर्दनाक हादसे

अचानक बदले मौसम के तेवर ने किसी को संभलने का मौका ही नहीं दिया। सहारनपुर में तेज बारिश के बाद पहाड़ी से आए पानी के तेज बहाव में कई गाड़ियां बह गईं। वहीं हमीरपुर में एक निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिरने से 6 मजदूरों की दबकर मौत हो गई। कौशांबी जिले में एक कच्चे मकान पर विशाल पेड़ गिरने से मां बेटा और बेटी समेत 4 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। इसके अलावा सहारनपुर जालौन और देवरिया में दो दो जबकि प्रतापगढ़, महाराजगंज, अंबेडकरनगर, फतेहपुर, बलिया और रायपुर में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है।

rain Update, weather update

आसमान में सूरज के चारों तरफ दिखी रिंग

इस तबाही के बीच संतकबीरनगर जिले में आसमान में एक बेहद दुर्लभ नजारा देखने को मिला। सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे सूर्य के चारों ओर एक बड़ा और चमकदार गोलाकार घेरा दिखाई दिया। लाल और नीले रंग की इस रिंग को देखकर लोग हैरान रह गए। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह रिंग अमूमन आंधी तूफान से पहले या बाद में दिखाई देती है जो मौसम में बड़े बदलाव और तेज बारिश का संकेत होती है।

वाराणसी से लखनऊ तक चली तेज हवाएं

प्रदेश के लखनऊ, वाराणसी और प्रयागराज समेत 25 जिलों में तेज आंधी और बारिश का कहर जारी है। कई जगहों पर हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। सहारनपुर में बारिश के साथ ओले भी गिरे हैं। वाराणसी में इतनी ज्यादा बारिश हुई कि बीएचयू ट्रामा सेंटर के बाहर भारी जलभराव हो गया। झांसी में 5 क्विंटल वजनी यूनिपोल उखड़ कर गिर गया। कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ने के साथ ही रेलवे ट्रैक पर बिजली के तार टूटने से ट्रेनें भी घंटों की देरी से चल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *