Ajmer Murder Case: कोर्ट परिसर में रामसिंह की पहली पत्नी ने मुंह छिपाया, बेटी ने थामा हाथ, 2 दिन की रिमांड पर सौंपा

Ajmer Murder Case: कोर्ट परिसर में रामसिंह की पहली पत्नी ने मुंह छिपाया, बेटी ने थामा हाथ, 2 दिन की रिमांड पर सौंपा

अजमेर। समीपवर्ती बोराडा थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीरामपुरा में चार लोगों की हत्या कर शवों को कार में जलाने के सनसनीखेज मामले में गिरफ्तार दो महिला आरोपियों को शुक्रवार को सिविल न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब दोनों महिला आरोपियों को रविवार को अवकाशकालीन मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। बोराडा थाना प्रभारी सूर्यभान सिंह शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे सामूहिक हत्याकांड की आरोपी सुनीता देवी और उसकी पुत्री सरिता को न्यायिक मजिस्ट्रेट नवीन मीणा के समक्ष लेकर पहुंचे।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपने का प्रार्थना पत्र पेश किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट ने पुलिस का पक्ष सुनने के बाद दोनों आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए। महिला आरोपियों को न्यायालय में पेश किए जाने की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता और लोग न्यायालय परिसर में पहुंच गए। इस दौरान मुख्य आरोपी और मृतक रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता देवी अपना चेहरा छुपाने का प्रयास करती नजर आई। वहीं उसकी पुत्री सरिता उसका हाथ पकड़े हुए दिखाई दी।

Ajmer Murder Case
रामसिंह चौधरी व सुरज्ञान देवी। पत्रिका फाइल फोटो

जलती कार में मिले थे शव

गौरतलब है कि गुरुवार अलसुबह अजमेर के बोराडा थाना क्षेत्र के ग्राम श्रीरामपुरा में सड़क किनारे खड़ी जलती कार में गांव निवासी कांग्रेस नेता रामसिंह चौधरी, उसकी मां पूसी देवी और मौसी की बेटी महिमा के शव मिले थे। वहीं पास के खेत में रामसिंह की दूसरी पत्नी सुरज्ञान का अधजला शव बरामद हुआ था। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन में पुलिस टीमों ने तुरंत जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने मृतक रामसिंह की पहली पत्नी सुनीता देवी, उसकी पुत्री सरिता और एक नाबालिग पुत्र को डिटेन कर गिरफ्तार किया।

Ajmer Murder Case
हत्या के बाद जली हुई गाड़ी (फोटो-पत्रिका)

धारदार हथियार से हमला किया

पुलिस अधीक्षक के अनुसार आरोपियों ने पहले नींद में सो रहे रामसिंह पर धारदार हथियार से हमला किया। इसके बाद उसे बचाने आई उसकी मां पूसी देवी, दूसरी पत्नी सुरज्ञान और महिमा की भी हत्या कर दी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए चारों शवों को कार में डालकर सड़क किनारे ले जाया गया और कार में डीजल डालकर आग लगा दी गई। आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए घर की फर्श और दीवारों को पानी से धो दिया, लेकिन खून के धब्बों के आधार पर पुलिस को संदेह हुआ और पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *