Ahmedabad. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि बंगाल की पिछली सरकार के शासन में हर रोज घुसपैठ होती थी, लेकिन अब घुसपैठिए अपने आप वापस जाने लगे हैं। बंगाल सरकार ने अब डिटेंशन सेंटर बनाए हैं। हम चाहते हैं, जो घुसपैठ कर अवैध तरीके से भारत आए हैं, वह अपने वापस चले जाएं। अगर वह अपने आप लौट जाते हैं, तो बंगाल सरकार उन पर कोई केस नहीं करेगी और लौटने में उनकी सहायता भी करेगी।
शाह गुरुवार को गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। शाह ने गांधीनगर में कलोल एवं गांधीनगर (उत्तरी) विधानसभा क्षेत्र में 340 करोड़ विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। शाह ने 10 दिनों में गांधीनगर जिले के दो विधानसभा क्षेत्रों में 1200 करोड़ रुपए के कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास किया है।
केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि देश भर से एक-एक घुसपैठिए को चुन-चुन कर देश से बाहर निकालना हमारी सरकार का संकल्प है। इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने डेमोग्राफिक चेंज पर उच्च स्तरीय समिति बनाई है। यह उच्च स्तरीय समिति देशभर में जनसंख्या में हो रहे कृत्रिम बदलावों, उनके कारणों और उन्हें रोकने के उपायों का व्यापक अध्ययन करेगी। इसके लिए यदि कोई कानून बनाने की ज़रूरत होगी, तो उसकी भी सिफारिश करेगी। उन्होंने कहा कि यह समिति एक साल में अपनी रिपोर्ट देगी, और कृत्रिम जनसांख्यिकीय बदलाव को रोकने का काम हमारी सरकार पूरी मज़बूती से करेगी।
बंगाल सरकार ने सात दिन में सौंपी 600 हेक्टेयर भूमि
शाह ने कहा कि हमने (भाजपा) ने बंगाल चुनाव के दौरान कहा था कि हम बंगाल में सरकार बनने पर सीमा पर बाड़ लगाने का काम तुरंत शुरू कर देंगे। सीमा पर फेंसिंग और एंटी-इनफिल्ट्रेशन इंफ्रास्ट्रक्चर बनाना हमारी सरकार की प्राथमिकता है। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सरकार बनाने के 7 दिन के भीतर 600 हेक्टेयर भूमि सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को सौंप दी है। चिकन नेक कॉरिडोर की भी 121 हेक्टेयर भूमि भारत सरकार को दे दी गई है।
गुजरात के विकास मॉडल से 80 फीसदी हिस्से पर भाजपा शासन
शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सरकार के 12 साल पूरे हो चुके हैं। उन्होंने गुजरात के विकास मॉडल को कश्मीर से कन्याकुमारी और गंगा सागर से सोमनाथ तक फैलाया है। इसी का परिणाम है कि आज देश के 80% भूभाग पर हमारी पार्टी (भाजपा) का शासन है। बंगाल चुनाव में सत्तासीन पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। उत्तराखंड के गंगोत्री से लेकर बंगाल के गंगा सागर तक मां गंगा के समग्र पथ पर भगवा लहरा रहा है। मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में दिन दूनी रात चौगुना विकास हो रहा है। गुजरात में मोदी की ओर से 25 साल पहले शुरू किया गया विकास का अभियान अब अपने चरम पर है।
कमलम पर बैठक, राज्यसभा प्रत्याशियों के नाम पर चर्चा
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भाजपा के कोबा स्थित प्रदेश मुख्यालय कमलम का भी दौरा किया। उन्होंने यहां पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, महामंत्रियों व अन्य पदाधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी की उपस्थिति में बैठक की। सूत्रों के तहत बैठक में गुजरात की चार राज्यसभा सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए प्रत्याशियों के नाम पर भी चर्चा की गई। हालांकि भाजपा का कहना है कि शाह की यह एक शुभेच्छा मुलाकात की।


