आगरा में ईद पर गले मिलकर दिया अमन का पैगाम:ड्रोन से हुई निगरानी, नमाज बाद उठी गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग

आगरा में ईद पर गले मिलकर दिया अमन का पैगाम:ड्रोन से हुई निगरानी, नमाज बाद उठी गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग

आगरा की शाही ईदगाह पर गुरुवार सुबह 6:47 बजे ईद-उल-अजहा की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से अदा की गई। नमाज के दौरान पुलिस-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात थी और ड्रोन से आसमान से निगरानी की गई। आगरा पुलिस की कड़ी निगरानी में हजारों नमाजियों ने एक साथ सजदा किया। नमाज अदा होते ही ईदगाह का माहौल खुशनुमा हो गया। लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी के चेहरों पर त्योहार की चमक थी। नमाज के बाद दिखाए गए पोस्टर, गाय को राष्ट्रीय पशु बनाने की मांग
नमाज खत्म होने के बाद उत्तर प्रदेश मुस्लिम पंचायत के कुछ सदस्य पोस्टर लेकर पहुंचे। उन्होंने गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की मांग उठाई। पंचायत के पदाधिकारियों ने कहा-गाय को राष्ट्र पशु घोषित होना चाहिए। कुछ गौ तस्कर गौ माता पर अत्याचार करते हैं। आए दिन भूख और गंदगी की वजह से गाय माता कूड़े के ढेर पर पड़ी मिलती हैं। मॉब लिंचिंग से मचता है उपद्रव
पोस्टर दिखा रहे लोगों ने कहा कि मॉब लिंचिंग के जरिए देश में उपद्रव मचाया जाता है। “रहीम भी हमारे हैं, हमें राम भी प्यारे हैं। केंद्र सरकार से हमारी मांग है कि गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित किया जाए। कुछ तथाकथित संगठन गाय रक्षक के नाम पर करोड़ों रुपए कमा ले जाते हैं। गाय का अपमान नहीं सहेगा यूपी का मुसलमान’
पंचायत सदस्यों का कहना था कि जब केंद्र सरकार गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करेगी तो उसकी सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। उत्तर प्रदेश का मुसलमान गाय माता का अपमान नहीं सहेगा। गाय की सुरक्षा सबकी जिम्मेदारी है। पुलिस रही अलर्ट
डीसीपी सिटी ने बताया कि ईदगाह के अलावा शहर की 181 मस्जिदों पर भी नमाज शांतिपूर्ण रही। ड्रोन और सीसीटीवी से लगातार निगरानी की गई। सोशल मीडिया पर भी नजर रखी गई ताकि कोई अफवाह न फैले। ईद का त्योहार आपसी भाईचारे का संदेश देता है। नमाज के बाद सौहार्द की जो तस्वीरें दिखीं, वही आगरा की असली पहचान है। कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *