शाजापुर नेशनल हाईवे पर दो सड़क हादसे:डिवाइडर से टकराई कार, 2 घायल; बस कंटेनर में घुसी, यात्री सुरक्षित

शाजापुर नेशनल हाईवे पर दो सड़क हादसे:डिवाइडर से टकराई कार, 2 घायल; बस कंटेनर में घुसी, यात्री सुरक्षित

शाजापुर जिले में बुधवार देर रात नेशनल हाईवे-52 पर दो अलग-अलग सड़क हादसे हुए। इन घटनाओं में एक कार डिवाइडर से टकरा गई, जबकि एक बस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। दोनों हादसों में वाहन क्षतिग्रस्त हुए, हालांकि बस में सवार यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। पहला हादसा सुनेरा थाना क्षेत्र के ग्राम अभयपुर ब्रिज के पास रात करीब 3 बजे हुआ। उज्जैन से सारंगपुर जा रही एक स्विफ्ट कार का चालक नींद की झपकी आने से नियंत्रण खो बैठा और कार डिवाइडर से टकरा गई। कार सवार दो लोग घायल टक्कर से कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में कार में सवार दो युवक राज मालवीय (24) निवासी आगर रोड उज्जैन और कृष्ण पाल राठौर (27) निवासी उज्जैन घायल हो गए। सूचना मिलने पर सुनेरा पुलिस और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल-112 के पायलट संजीव सूर्यवंशी और आरक्षक अभिषेक गुप्ता ने घायलों को शाजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। इंदौर जा रही बस कंटेनर में जा घुसी दूसरा हादसा मक्सी थाना क्षेत्र के कनासिया नाका पर हुआ। बस क्लीनर जितेंद्र के अनुसार, इंदौर से गुना जा रही कमला बस में 15 से 20 यात्री सवार थे। आगे चल रहे कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगाए, जिससे बस पीछे से उसमें जा घुसी। इस टक्कर में बस का अगला कांच टूट गया, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *