यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कैलास के न्योते पर साइप्रस पहुंचे जयशंकर, इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष काजा कैलास के न्योते पर साइप्रस पहुंचे जयशंकर, इन अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

EAM S Jaishankar Cyprus Visit: विदेश मंत्री एस. जयशंकर बुधवार को यूरोपीय संघ (EU) के विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक में हिस्सा लेने के लिए साइप्रस पहुंचे। उन्हें यूरोपीय आयोग की उपाध्यक्ष और यूरोपीय संघ की विदेश मामलों की प्रमुख काजा कैलास की ओर से इस बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया था।

जयशंकर ने साइप्रस पहुंचने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, “यूरोपीय संघ के विदेश मंत्रियों की अनौपचारिक बैठक ‘जिमनिच’ में भाग लेने के लिए साइप्रस पहुंचा हूं। निमंत्रण के लिए EU HRVP काजा कैलास और साइप्रस के विदेश मंत्री कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस का धन्यवाद।”

‘जिमनिच’ बैठक में कई वैश्विक मुद्दों पर चर्चा

EU विदेश मंत्रियों की यह अनौपचारिक बैठक 27 और 28 मई को साइप्रस के लिमासोल शहर में आयोजित की जा रही है। ‘जिमनिच’ प्रारूप में होने वाली यह बैठक हर छह महीने में आयोजित की जाती है, जिसमें सदस्य देशों और आमंत्रित साझेदार देशों के बीच वैश्विक और क्षेत्रीय मुद्दों पर खुलकर चर्चा होती है।

इस बार बैठक में भारत, सऊदी अरब और यूक्रेन के विदेश मंत्रियों को विशेष चर्चाओं के लिए आमंत्रित किया गया है।

भारत-यूरोप संबंधों पर रहेगा फोकस

विशेषज्ञों का मानना है कि जयशंकर की इस यात्रा के दौरान भारत और यूरोपीय संघ के बीच रणनीतिक साझेदारी, व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा, वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला, हिंद-प्रशांत क्षेत्र और भू-राजनीतिक चुनौतियों जैसे मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

इसके अलावा यूक्रेन संकट, पश्चिम एशिया की स्थिति और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े विषय भी बैठक के एजेंडे में शामिल बताए जा रहे हैं।

जर्मनी में भारतीय राजदूत से भी की मुलाकात

साइप्रस पहुंचने से पहले जयशंकर ने जर्मनी के फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर भारत के राजदूत अजीत वी. गुप्ते से मुलाकात की। इस दौरान भारत-जर्मनी संबंधों की वर्तमान स्थिति और द्विपक्षीय सहयोग को लेकर चर्चा हुई।

भारतीय दूतावास ने बताया कि राजदूत ने विदेश मंत्री को भारत-जर्मनी संबंधों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत जानकारी दी।

साइप्रस की मेजबानी में हो रही बैठक

इस अनौपचारिक बैठक की सह-अध्यक्षता साइप्रस के विदेश मंत्री डॉ. कॉन्स्टेंटिनोस कोम्बोस और यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख काजा कैलास कर रही हैं। बैठक में यूरोपीय संघ के विदेश मंत्री मौजूदा अंतरराष्ट्रीय और क्षेत्रीय चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *