मेरठ में IIMT यूनिवर्सिटी के गेट पर हंगामा, प्रदर्शन करने पर 12 छात्रनेताओं पर नामजद मुकदमा लिखा गया है। जबकि 13 अज्ञात हैं। कुल 27 लोगों के खिलाफ बलवा, सरकारी काम में बाधा डालने जैसी धाराओं में मुकदमा लिखा गया है। ये मुकदमा 23 मई को लिखा गया था, जिसकी जानकारी आज हुई है। आईआईएमटी यूनिवर्सिटी की एमबीए की छात्रा अनु गुप्ता ने 20 मई को हॉस्टल की तीसरी मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। हंगामे के दौरान छात्रों पर महिला कांस्टेबल से मारपीट का भी आरोप लगाया गया है। एलआईयू की महिला कांस्टेबल रेखा पवार से मारपीट और डायरी फाड़ने का भी आरोप लगाकर एफआईआर लिखी गई है। विजित तालियान, शान मोहम्मद सहित इन पर मुकदमा पुलिस ने इन सभी आरोपों में मेरठ कॉलेज के छात्र नेता विजित तालियान, मोहित प्रजापति, शान मोहम्मद, प्रियांशु मलिक, सोहराब पठान, कुशल चहल, मुकुल राणा, हर्ष जाटव, मोहित, निशांत, साक्षी, माही और अज्ञात के खिलाफ बलवा, लोकसेवक पर हमला करने, कार्य से जबरन रोकने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, लोगों को उकसाने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस की तरफ से कराई गई एफआईआर गंगानगर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर मनोज वर्मा की ओर से रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट के मुताबिक, छात्र नेताओं ने आईआईएमटी यूनिवर्सिटी गेट-2 पर हंगामा किया और धरना देकर बैठ गए। इस दौरान उन्होंने एलआईयू की महिला कॉस्टेबल से डायरी लेकर फाड़ डाली और मारपीट की। पुलिस से भी अभद्रता की गई। बाहर लगे बोर्ड उखाड़ कर और होर्डिंग फाड़ दिए। रास्ता भी रोका गया। एमबीए की छात्रा की हुई थी मौत सहारनपुर जिले के देवबंद तहसील के ताजपुर गांव निवासी ओमकार गुप्ता की सबसे छोटी बेटी 23 वर्षीय अनु गुप्ता गंगानगर आईआईएमटी यूनिवर्सिटी में एमबीए अंतिम वर्ष की छात्रा थी। वह रूम नंबर 63 में रह रही थी।20 मई की सुबह करीब साढ़े नौ बजे कैंपस स्थित सरोजनी नायडू गर्ल्स हॉस्टल में स्टेयरवेल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। पिता ओमकार गुप्ता, बहन तनु व साथी छात्र-छात्राओं ने यूनिवर्सिटी प्रशासन पर डिबार करने व उसकी एवज में 30 हजार रुपए मांगने का आरोप लगाया था। छात्रों का कहना था कि इसी मानसिक दबाव में अनु ने आत्मघाती कदम उठाया। छात्र नेताओं ने कैंपस के छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर गेट नंबर-2 पर हंगामा करते हुए धरना शुरू कर दिया था।


