बैतूल में पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद अब भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा और कोठीबाजार मंडल अध्यक्ष विक्रम वैद्य ने संयुक्त बयान जारी कर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक निलय डागा पर निशाना साधा। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के प्रदर्शन को ‘सस्ती लोकप्रियता हासिल करने की नौटंकी’ बताया। भाजपा नेताओं ने निलय डागा को उनके विधायक कार्यकाल की याद दिलाई, जब शहर में लोगों को चार-चार दिन तक पानी के लिए परेशान होना पड़ता था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन में महिला पदाधिकारियों को आम जनता की तरह दिखाया, जबकि प्रेस विज्ञप्ति में केवल पुरुष नेताओं के नाम प्रमुखता से थे। बीजेपी नेता बोले- कांग्रेस के राज में लोग तीन किलोमीटर पानी लेने जाते थे
भाजपा ने यह भी कहा कि कांग्रेस शासनकाल में ग्रामीण और आंचलिक क्षेत्रों में महिलाओं को दो-तीन किलोमीटर दूर से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ता था। विकास मिश्रा और विक्रम वैद्य ने बताया कि वर्तमान में नगर पालिका और प्रशासन पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गर्मी में जलस्तर गिरने और तकनीकी कारणों से कुछ क्षेत्रों में अस्थायी समस्या आई है, जिसके समाधान के लिए अतिरिक्त टैंकर, मोटर मरम्मत और नई पाइपलाइन जैसी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद उसने जल समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया। उन्होंने कहा कि जब भाजपा सरकार विकास कार्य कर रही है, तब कांग्रेस केवल धरना-प्रदर्शन और आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रही है। भाजपा ने जोर दिया कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रदर्शन से नहीं, बल्कि योजनाबद्ध विकास और निरंतर प्रयासों से होता है। उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि पेयजल संकट के समाधान के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही स्थिति सामान्य होगी। पार्टी ने कांग्रेस से राजनीतिक नौटंकी छोड़कर समाधान में सहयोग करने की अपील भी की। कांग्रेस ने मटके फोड़कर किया था प्रदर्शन
बता दें मंगलवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने लल्ली चौक से नगर पालिका कार्यालय तक रैली निकाली थी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने नगर पालिका प्रशासन पर अव्यवस्थित पेयजल आपूर्ति का आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। उन्होंने सीएमओ कार्यालय के सामने खाली मटके फोड़कर विरोध जताया और सीएमओ नवनीत पांडे को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से एक खाली मटका भी भेंट किया गया। देखें प्रदर्शन के दौरान की तस्वीरें


