फिरोजाबाद में गुजरात के वापी से देवरिया लौट रहे एक युवक की ट्रेन में अचानक तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों में शोक छा गया। देवरिया जनपद के बैंकुठपुर अंतर्गत कुशमौनी निवासी 27 वर्षीय हिमांशु कुशवाह अपनी मां ऊषा देवी और बहन त्रिशा के साथ ट्रेन संख्या 19037 से गुजरात के वापी से देवरिया जा रहे थे। रात साढ़े 8 बजे आगरा के कुबेरपुर रेलवे स्टेशन पार करते ही उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। युवक की बिगड़ती हालत देखकर परिजनों ने ट्रेन में मौजूद टीटीई स्टाफ को सूचना दी। टीटीई ने तत्काल मामले की जानकारी टूंडला कंट्रोल को दी। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के उपनिरीक्षक अनेक सिंह मौके पर पहुंचे। बीमार युवक को एंबुलेंस की मदद से टूंडला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। चिकित्सकों ने हिमांशु की गंभीर हालत को देखते हुए उसे फिरोजाबाद के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। फिरोजाबाद अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने जांच के बाद युवक को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर सुनते ही मां और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के चचेरे भाई अरविंद कुशवाह ने बताया कि तीन वर्ष पूर्व बीमारी के चलते हिमांशु के पिता का निधन हो गया था। इसके बाद से हिमांशु ही परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था और गुजरात में सब्जी बेचने का काम करता था। वह अपनी मां और बहन के पालन-पोषण का एकमात्र सहारा था। जीआरपी थाना प्रभारी मोनू आर्य ने बताया कि युवक की मृत्यु का सही कारण अभी पता नहीं चल सका है।


