सीएम भजनलाल की प्रदेशवासियों से अपील : भीषण गर्मी में बरतें सावधानी, दिशा-निर्देशों का करें पालन

सीएम भजनलाल की प्रदेशवासियों से अपील : भीषण गर्मी में बरतें सावधानी, दिशा-निर्देशों का करें पालन

जयपुर। राजस्थान में नौतपा के दौरान भीषण गर्मी का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान खतरनाक स्तर तक पहुंच गया है और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। इस बीच मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों से गर्मी के इस कठिन दौर में विशेष सावधानी बरतने और स्वास्थ्य संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि प्रदेश में झुलसाने वाली गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए सभी लोग अपने स्वास्थ्य और परिवार की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। उन्होंने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पानी और अन्य तरल पदार्थ लेने, धूप में अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने तथा बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की अपील की। साथ ही प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों की पालना करने को कहा।

सीएम भजनलाल शर्मा की प्रदेशवासियों से अपील :

लोगों से सहयोग की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की संस्कृति सेवा, संवेदनशीलता और परोपकार की भावना पर आधारित रही है। ऐसे समय में लोगों को आगे आकर सार्वजनिक स्थलों पर प्याऊ, छांव और शीतल जल की व्यवस्था करनी चाहिए। इसके साथ ही पशु-पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था कर मानवीय संवेदनाओं का परिचय देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रदेशवासियों की सजगता और सहयोग से इस भीषण गर्मी का सुरक्षित तरीके से सामना किया जा सकता है।

यह वीडियो भी देखें :

मौसम विभाग ने भी जारी किया अलर्ट

इधर, मौसम विभाग ने आगामी दिनों को लेकर नई चेतावनी भी जारी की है। विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में कई क्षेत्रों में तेज आंधी, हल्की बारिश, ओलावृष्टि और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

बच्चों-बुजुर्गों को अधिक निगरानी की जरूरत

मौसम विभाग के अनुसार हीटवेव का असर सबसे ज्यादा बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों पर पड़ सकता है। लंबे समय तक धूप में रहने वाले या शारीरिक श्रम करने वाले लोगों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। किसानों को फसलों और पशुओं को गर्मी से बचाने के लिए विशेष उपाय करने की सलाह दी गई है।

आंधी के दौरान सावधान रहने की अपील

विभाग ने आंधी और तेज हवाओं के दौरान लोगों को घरों के भीतर रहने, खिड़की-दरवाजे बंद रखने और बिजली के खंभों, ढीले तारों तथा बड़े पेड़ों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। साथ ही धूलभरी हवाओं से बचने के लिए मास्क या कपड़े से चेहरा ढकने और आंखों की सुरक्षा के लिए चश्मा लगाने की भी सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *