Jalore Crime News: जालोर में दिनदहाड़े चोरी, महिला की थैली में लगाया कट, लाखों के गहने किए पार

Jalore Crime News: जालोर में दिनदहाड़े चोरी, महिला की थैली में लगाया कट, लाखों के गहने किए पार

जालोर। जालोर जिले के भीनमाल शहर के मुख्य बाजार में बुधवार खरीदारी करने आई एक महिला की थैली में ब्लेड से चीरा लगाकर तीन तोला सोने के गहने चोरी कर लिए गए। कुछ ही देर बाद महिला ने थैली संभाली तो उसमें रखे गहने गायब मिले। चोरी की यह वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी।

यह वीडियो भी देखें

पुलिस के अनुसार सारीयाणा गांव निवासी संजीव कुमारी पुरोहित पत्नी ईश्वरलाल जेरण बुधवार को अपनी चाची, भाभी और अन्य रिश्तेदारों के साथ भीनमाल बाजार में खरीदारी करने आई थीं। सबसे पहले उन्होंने गणेश चौक पर सोने की कंठी पिराई करवाई। इसके बाद एक ज्वैलर्स की दुकान से सोने की चेन में कड़ी डलवाई। फिर वे कपड़े खरीदने के लिए बड़े चौहटे स्थित दुकान की ओर गईं। इसी दौरान करीब 200 मीटर के दायरे में शातिरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि तीन लोग महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखे हुए थे। जिस ज्वैलर्स की दुकान से महिलाएं गहने लेकर निकली थीं, उसके सामने नाश्ते की एक लॉरी पर शातिर बैठे हुए थे।

आरोपियों की तस्वीर जारी

जैसे ही महिलाएं वहां से आगे बढ़ीं, आरोपियों ने पलभर में थैली में ब्लेड से चीरा लगाकर गहने पार कर दिए। महिला को बाद में थैली फटी दिखी तो चोरी का पता चला। वारदात की शिकार महिला संजीव कुमारी ने बताया कि एक महिला उससे टकराते हुए आगे निकल गई थी और फिर वापस मुड़ी थी। वारदात दोपहर करीब 12 बजे हुई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर एक महिला और एक युवक की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी की है।

दिनदहाड़े हुई वारदात

जालोर के भीनमाल के मुख्य बाजार में दिनभर भीड़भाड़ रहती है। ऐसे में दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में डर का माहौल है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। वारदात के बाद कुछ दूरी पर जाकर शातिर महिला ने गले में पहना दुपट्टा भी बदल लिया।

महिला की थैली में कट लगाकर सोने के गहने चोरी होने का मामला सामने आया है। वारदात करने वालों की तलाश जारी है। संदिग्धों को ट्रेस किया जा रहा है।

  • राजेन्द्रसिंह राजपुरोहित, थानाधिकारी, भीनमाल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *