जयपुर-सीकर हाईवे पर भीषण हादसा: खाटूश्यामजी जा रहे 3 श्रद्धालुओं की मौत, 9 लोग घायल

जयपुर-सीकर हाईवे पर भीषण हादसा: खाटूश्यामजी जा रहे 3 श्रद्धालुओं की मौत, 9 लोग घायल

जयपुर। जयपुर-सीकर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-52) पर बुधवार सुबह खाटूश्यामजी दर्शन के लिए जा रहे महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं की यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। तेज रफ्तार टेम्पो क्रूजर ट्रक से टकराने के बाद अनियंत्रित होकर सड़क किनारे होटल में जा घुसी, जिससे तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई और नौ अन्य घायल हो गए। इस दौरान होटल के बाहर खड़ी एक अन्य कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई।

यह दुर्घटना बुधवार सुबह करीब 7 बजे चौमूं क्षेत्र में स्टेडियम के पास ब्यावरिया कट और हाड़ौता पुलिया क्षेत्र के आसपास हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

महाराष्ट्र के श्रद्धालु थे सवार

पुलिस के अनुसार, महाराष्ट्र के श्रद्धालु टेम्पो क्रूजर वाहन में सवार होकर खाटूश्यामजी मंदिर के दर्शन के लिए सीकर की ओर जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आगे चल रहा ट्रक अचानक मुड़ा या कट लेने लगा। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार टेम्पो क्रूजर ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह हाईवे किनारे बने होटल में जा घुसा।

तीन लोगों की हुई मौत

हादसे में शालू बाई (75), मेघा (40) और आदेश (18) की मौके पर ही मौत हो गई। तीनों महाराष्ट्र के परभणी जिले के गंगाखेड़ क्षेत्र के हरंगुल गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक युवक शामिल हैं। शवों को चौमूं के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

9 लोग हुए घायल

हादसे में गीता देवधर, गायत्री देवधर, खुशी जावड़े, अंकिता, रितेश, ऋषिकेश, शकुंतला, सुनीता और यशोदा घायल हुए हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। सभी को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस कार्रवाई में जुटी

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन महाराष्ट्र नंबर का था। हादसे के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। मामले की जांच जारी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *