मैनपुरी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। यह घटना मंगलवार रात की बताई जा रही है। एटा के नगला हिम्मत निवासी श्याम कौर ने बताया कि उनकी बेटी शिखा की शादी लगभग सवा साल पहले 5 मार्च 2023 को मैनपुरी के होता रामचंद्र निवासी अर्जुन सिंह पुत्र विजय सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही शिखा को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। श्याम कौर के अनुसार, शिखा के पति अर्जुन सिंह, ससुर विजय सिंह, सास विनीता देवी, देवर अजीत पाल और ननद बीना देवी व खुशबू दहेज के लिए शिखा के साथ मारपीट करते थे। आरोप है कि शिखा ने एक बच्ची को जन्म दिया था, जो ससुराल वालों को पसंद नहीं थी क्योंकि वे बेटे की चाहत रखते थे। मायके पक्ष का आरोप है कि 26 मई 2024 (मंगलवार) की रात ससुराल वालों ने शिखा का गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के बाद वे शव को जिला अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए और मायके पक्ष को कोई सूचना भी नहीं दी।


